Dainik Athah

प्रदेश की विरासत के प्रति जागरूक करने के लिए सरकारी एवं गैर सरकारी शिक्षण संस्थानों में युवा पर्यटन क्लब का गठन होगा :जयवीर सिंह

अथाह ब्यूरो, लखनऊ:
उत्तर प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ ही विभिन्न गतिविधियों का आयोजन करने तथा देश की समृद्ध सांस्कृतिक, आध्यात्मिक, ऐतिहासिक विरासत के प्रति जागरूक करने के लिए शासकीय एवं गैर शासकीय शिक्षण संस्थानों में युवा पर्यटन क्लब गठित किये जाने की पहल की जा रही है। युवा पर्यटन क्लब के सभी सदस्य पर्यटन मित्र के नाम से जाने जायेंगे।
यह जानकारी प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने आज यहां देते हुए बताया कि उ0प्र0 का गौरवशाली एवं वैभवशाली इतिहास है। यहां विभिन्न संस्कृतियों को फलने-फूलने का अवसर मिला है। इसके अलावा प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत से एक दूसरे को जोड़कर सामाजिक सद्भाव को सुदृढ़ करने में सक्षम है। युवाओं को अतीत की जानकारी देने के लिए युवा पर्यटन क्लब की अहम भूमिका होगी।
पर्यटन मंत्री ने बताया कि युवा पर्यटन क्लब में यथासंभव कम से कम 25 छात्र एवं 02 शिक्षक शामिल किये जायेगे। इन क्लबों के माध्यम से प्रदेश में पर्यटन मित्रों को बढ़ावा दिया जायेगा। इसके साथ ही प्रदेश के गौरवशाली इतिहास के प्रति युवाओं को जानकारी दी जायेगी। इसके अलावा स्वतंत्रता संग्राम में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देने वाले शहीदों के बारे में भी जानकारी दी जायेगी।
युवा पर्यटन क्लब के सदस्य देशी-विदेशी सैलानियों को प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता, खान-पान, व्यंजन, बोली तथा चर्चित पर्यटन स्थलों के अलावा ऐतिहासिक, धार्मिक, पौराणिक एवं पुरातात्विक महत्व के बारे में जानकारी देने में सहयोग करेंगे। उन्होंने बताया कि पर्यटन विभाग को युवा पर्यटन क्लब की एक ठोस रूपरेखा तैयार करने के निर्देश दिये गये हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *