Dainik Athah

भाजपा राज में सामाजिक और आर्थिक असामनता बढ़ी है: अखिलेश यादव

अथाह ब्यूरो
लखनऊ
। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा राज में आर्थिक और सामाजिक असमानता बढ़ती जा रही है। राष्ट्रीय सम्पत्तियों पर भाजपा सरकार की मिली भगत से चंद पूंजीपतियों का कब्जा हो रहा है। फार्म हाउस वाले सत्ता पर काबिज हो गए हैं जबकि खेती करने वाले, गांव-गरीब समाज के लोग सत्ता से बाहर हैं, ऐसा क्यों? समाजवादी पार्टी संकल्प लेती है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में इस हालात को बदलना है। समाजवादी लोग इसे गांठ बांध लें।

अखिलेश यादव आज समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में कार्यकतार्ओं को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की आर्थिक कुनीतियों से देश की अर्थव्यवस्था में लगातार गिरावट आ रही है। एक बार फिर मंदी की आशंका जताई जा रही है, जिसमें कई लाख लोग बेरोजगार हो जाएंगे। गरीब की रोजी-रोटी पर संकट आ सकता है। भाजपा सरकार में एक तरफ अमीरों का मुनाफा बढ़ता जा रहा है वहीं दूसरी तरफ किसान को फसल की लागत भी नहीं मिल रही है। नौजवानों का भविष्य अंधेरे में है। बहू-बेटियों की इज्जत सुरक्षित नहीं। विकास ठप्प है। सभी लोग महंगाई और भ्रष्टाचार से त्रस्त है।

यादव ने कहा कि प्रदेश को विकास की दिशा में ले जाने के लिए समाजवादी सरकार में जो ठोस कदम उठाए गए थे उन्हें भाजपा सरकार ने बर्बाद कर दिया। पिछले इंवेस्टर समिट में हुए निवेश का अतापता नहीं है। अब दिखावे के लिए फर्जी एमओयू किये जा रहे है। किसान को न न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) मिल रहा है और नहीं उसकी आय दोगुनी हुई है। किसानों के हित में मंडी नहीं बनाई गई। नहरों में पानी नहीं है। आवारा जानवर किसानों के खेत बर्बाद कर रहे हैं और उनके हमलों से लोगों की जानें जा रही है।

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी मानती है कि विकास के रास्ते से ही खुशहाली और तरक्की आएगी। जीवन में तभी सार्थक बदलाव आएगा जब देश की नीतियां पूंजीपरस्त नहीं होंगी। आम आदमी की जिंदगी दिन प्रति दिन बदहाल होती जा रही है। 2024 में जनता भाजपा को दोबारा मौका नहीं देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *