Dainik Athah

लोहिया की सप्त क्रांति के लिए संघर्ष करना होगा: अखिलेश यादव

जेपी की संपूर्ण क्रांति के आह्वान के साथ सपा ने मनाई कर्पूरी ठाकुर की 98 वीं जयंती

अथाह ब्यूरो
लखनऊ
। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जननायक कपूर्री ठाकुर की 98वीं जयंती समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय, लखनऊ में सादगी से मनाई गई। पार्टी के सभी जिला- महानगर कार्यालयों में भी कपूर्री ठाकुर जयंती सादगी से मनायी गयी।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने महान समाजवादी नेता तथा पूर्व मुख्यमंत्री बिहार के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। साथ में अवधेश प्रसाद, राजेन्द्र चौधरी, अम्बिका चौधरी, विधायक रफीक अंसारी, राकेश प्रताप सिंह, डा. राजपाल कश्यप, सुरेश यादव, पूर्व विधायक उदयवीर सिंह, उत्तराखण्ड के प्रदेश अध्यक्ष शम्भू पोखरियाल, रामतेज यादव, प्रदीप बजाज ने भी पुष्पांजलि अर्पित की।
इस मौके पर अखिलेश यादव ने कहा कि जननायक कपूर्री ठाकुर पिछड़ों को न्याय दिलाने के लिए आजीवन संघर्षरत रहे। उन्होंने समाज के शोषित वंचित तबके को स्वाभिमान से जीवन जीने का रास्ता दिखाया। उन्होंने कहा कि मंहगाई और बेरोजगारी से लोग त्रस्त हैं। युवा पीढ़ी का भविष्य अंधेरे में है। भाजपा बुनियादी मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए तरह-तरह की साजिशें कर रही है। भाजपा की फैलाई नफरत की राजनीति से सावधान रहना है। महंगाई, भ्रष्टाचार के विरुद्ध हमें फिर जयप्रकाश नारायण की सम्पूर्ण क्रांति के आवाह्न के साथ डा. राममनोहर लोहिया की सप्तक्रांति के लिए संघर्ष करना होगा।
यादव ने कहा कि भाजपा अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के संवैधानिक अधिकार को कुचलने में लगी है। भाजपा सरकार में प्रेस की आजादी पर हमलावर है। विपक्षी नेताओं पर झूठे आरोप लगाकर उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है। भाजपा सरकार की कुनीतियों से समाज में असंतुलन पैदा हो गया है। आरक्षण को खत्म करने के लिए निजीकरण का बढ़ावा दिया जा रहा है। बाबा साहब डा. भीमराव अम्बेडकर के सपनों को भाजपा से खतरा है।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने देश की अर्थव्यवस्था को खोखला कर दिया है। अपनी विफलताओं पर वह झूठ का आवरण चढ़ाकर लोगों को गुमराह करने का काम कर रही है। जनता उसकी सच्चाई से वाकिफ हो चली है। वह सन् 2024 में भाजपा को सबक सिखाएगी। भाजपा उत्तर प्रदेश की सभी 80 सीटों पर इस बार हारेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *