Dainik Athah

मोदी मय रही भाजपा कार्यसमिति ‘मोदी मंत्र’ को लेकर बढ़ेगी आगे

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ही तय कर दिया था कार्य समिति का एजेंडा

भाजपा कार्यसमिति की बैठक में छाया रहा 2024

उद्धाटन सत्र से लेकर अंत तक प्रधानमंत्री मोदी ही दिखते रहे खेवनहार

राजनीतिक प्रस्ताव में भी पूरी तरह मोदी- योगी सरकार की उपलब्धियों से रहा ओतप्रोत

अशोक ओझा
लखनऊ।
भारतीय जनता पार्टी की इस वर्ष की पहली प्रदेश कार्यसमिति पूरी तरह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकारों के कामकाज के इर्द गिर्द घूमती रही। बैठक से यह तय हो गया है कि ‘मोदी मंत्री’ और ‘योगी सरकार की छवि’ के सहारे ही भाजपा 2024 की वैतरणी को पार करेगी। दोनों में एक तुरूप का इक्का है तो दूसरा बादशाह। 2024 के साथ ही निकाय चुनावों के मद्देनजर आगे की दिशा भी तय की गई।

भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक रविवार को प्रदेश की राजधानी में हुई। बैठक का उद्घाटन करते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा ‘मोदी है तो मुमकिन’ है। यह वैश्विक नारा बन चुका है। जी- 20 की अध्यक्षता इसका उदाहरण है। इसके साथ ही उन्होंने कोरोना संकट काल, आजादी का अमृत महोत्सव, राम मंदिर निर्माण समेत मोदी के अन्य कार्यों का जिक्र किया। इस प्रकार योगी आदित्यनाथ ने कार्य समिति की दिशा तय कर दी थी। अध्यक्षीय भाषण में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की बात को आगे बढ़ाते हुए कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व विभिन्न वैश्विक मंचों पर भारत की छवि एक निर्णायक और दूरदर्शी वैश्विक भविष्य के प्रति सजग राष्टÑ के रूप में हुई है। भारत मोदी के नेतृत्व में विश्व को दिशा देने वाला अग्रणी देश बनकर उभर रहा है।

भूपेंद्र सिंह चौधरी ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार की सराहना करने में भी कोई कंजूसी नहीं दिखाई। उन्होंने इन्वेस्टर्स समिट के साथ ही योगी सरकार में हुए आम जनता के भले के कामों को गिनाया। इसके साथ ही उन्होंने निकाय चुनाव एवं पिछड़ा आरक्षण पर विपक्ष को आइना दिखाने का काम किया। उन्होंने कहा हथकंडे अपनाकर विपक्ष ने निकाय चुनाव में अड़ंगा डाला। योगी आदित्यनाथ सरकार न्यायिक प्रक्रिया का सम्मान करते हुए निकाय चुनाव करवाकर निकायों में लोकतत्र की बहाली करेगी।

भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज सिंह द्वारा पेश किये गये राजनीतिक प्रस्ताव में भी मोदी- योगी सरकारों की जमकर सराहना की गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार भारतीय संस्कृति एवं सभ्यता का डंका पूरे विश्व में बजाने का काम कर रही है। इसके साथ ही कहा गया कि तेजी से बदलते भारत में निखरते उत्तर प्रदेश की उज्जवल तस्वीर आज सबके सामने है। उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बीमारू राज्य की श्रेणी से निकलकर तेजी से विकसित होते राज्यों में शुमार होकर देश की दूसरी अर्थ व्यवस्था बन चुका है।

इसके साथ ही सभी वक्ताओं ने मोदी- योगी सरकार के कामों का जब तक जिक्र नहीं किया उनका भाषण पूरा नहीं है। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं भाजपा के प्रदेश मुखिया चौधरी भूपेंद्र सिंह के बीच भी आपसी तालमेल इस दौरान दिखा। यहीं कारण है कि भाजपा ने यूपी की सभी 80 लोकसभा सीटों को जीतने का लक्ष्य तय कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *