Dainik Athah

भाजयुमो कोषाध्यक्ष संयम कोहली को पद से हटाया, महानगर अध्यक्ष ने की कार्यवाही

चौतरफा बदनामी के बाद टूटा भाजयुमो का संयम

  • अथाह संवाददाता
    गाजियाबाद।
    आरडीसी के रेस्तरां संचालक भाजयुमो महानगर कोषाध्यक्ष संयम कोहली को उनके पद से हटा दिया गया है। भाजपा ने चौतरफा बदनामी के बाद यह कार्यवाही की है। महानगर युवा मोर्चा अध्यक्ष सचिन डेढ़ा ने यह कार्यवाही की है।
    बता दें कि रविवार की रात आरडीसी स्थित तासा बार एवं फूड कोर्ट रेस्टोरेंट पर पुलिस एवं आबकारी विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से छापा मारा था। टीम को वहां पर अवैध रूप से शराब परोसी जाती हुई मिली, जबकि उसके पास बार का लाइसेंस नहीं था। इसके साथ ही महंगी शराब और नाचती हुई बार बालाएं मिली थी। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई शुरू की है तथा शराब को जब्त कर लिया। पुलिस ने कोहली को भी नोटिस जारी किया था।
    इस मामले में पार्टी की चौतरफा हुई बदनामी के बाद भाजपा युवा मोर्चा के महानगर अध्यक्ष सचिन डेढ़ा ने मंगलवार को शाम संयम कोहली को कोषाध्यक्ष पद से निष्कासित करने की कार्यवाही की है। उन्होंने अपने पत्र में कहा कि संयम कोहली के कार्यों एवं समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों से पार्टी की छवि धूमिल हुई है। इसी कारण संयम कोहली को तत्काल प्रभाव से युवा मोर्चा कोषाध्यक्ष पद से निष्कासित किया जाता है। उन्होंने निष्कासन की सूचना भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के साथ ही भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष एवं महानगर भाजपा अध्यक्ष को भी भेजी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *