Dainik Athah

केशरी नाथ त्रिपाठी का निधन

उप्र विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष- प. बंगाल के पूर्व राज्यपाल

प्रधानमंत्री मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जताया दुख

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी पहुंचे प्रयागराज, अर्पित की श्रद्धांजलि

अथाह संवाददाता
प्रयागराज।
भाजपा के वरिष्ठ नेता भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री एवं पश्चिमी बंगाल के पूर्व राज्यपाल केशरी नाथ त्रिपाठी का 88 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने रविवार सुबह पांच बजे लोहिया मार्ग स्थित निवास पर अंतिम सांस ली। उनका अंतिम संस्कार आज शाम दारागंज घाट पर किया गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, पं बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं बृजेश पाठक समेत तमाम भाजपा नेताओं ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
केशरी नाथ त्रिपाठी लंबे समय से बीमार चल रहे थे। सांस लेने में दिक्कत के बाद पिछले सप्ताह उनको एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद स्वजन उन्हें घर ले आ गए थे। केशरी नाथ त्रिपाठी के पुत्र नीरज त्रिपाठी अपर महाधिवक्ता हैं। उनकी दो बेटियों भी हैं। पत्नी सुधा त्रिपाठी का निधन पहले ही हो चुका है। उनकी शवयात्रा शाम चार बजे लोहिया मार्ग स्थित निवास से शुरू होगी। कहा जा रहा है कि राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए आ सकते हैं। अधिकारी तैयारियों में जुट गए हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि केशरी नाथ त्रिपाठी एक वरिष्ठ और अनुभवी राजनेता थे। वे संसदीय नियमों, परंपराओं और विधि के गहरे जानकार थे। केशरी नाथ त्रिपाठी एक विद्वान अधिवक्ता और संवेदनशील साहित्यकार भी थे। उनके निधन से समाज की अपूरणीय क्षति हुई है। मुख्यमंत्री जी ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शान्ति की प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

मुख्यमंत्री योगी ने ट्वीट कर कहा कि वरिष्ठ राजनेता, भाजपा परिवार के वरिष्ठ सदस्य, प. बंगाल के पूर्व राज्यपाल आदरणीय केशरी नाथ त्रिपाठी जी का निधन अत्यंत दु:खद है। प्रभु श्री राम दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान व शोकाकुल परिजनों को यह दु:ख सहने की शक्ति दें। ॐ शांति! उन्होंने अपने सभी कार्यक्रम निरस्त कर दिये और प्रयागराज पहुंचकर केशरीनाथ त्रिपाठी को श्रद्धांजलि अर्पित की।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने ट्वीट कर कहा भाजपा परिवार के वरिष्ठ सदस्य, असंख्य कार्यकर्ताओं के प्रेरणा पुंज, प. बंगाल के पूर्व राज्यपाल, उप्र विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष आदरणीय केशरीनाथ त्रिपाठी जी निधन अत्यंत दुखद एवं ह्रदयविदारक है। उन्होंने केशरी नाथ त्रिपाठी के निवास पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ ही अपनी शोक संवेदना व्यक्त की।
डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने ट्वीट कर कहा भाजपा के वरिष्ठ नेता, पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल, यूपी के गौरव, हम सभी कार्यकतार्ओं के मार्गदर्शक आदरणीय पं केशरी नाथ त्रिपाठी जी के निधन से अत्यंत दु:खी हूं। भारतीय जनसंघ से भाजपा तक जीवन भर कार्य करने वाले पंडित जी का निधन पार्टी व राजनीतिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक संतृप्त परिजनों व समर्थकों को इस असीम दु:ख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति।

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने ट्वीट कर कहा पूर्व विधानसभा अध्यक्ष, पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल आदरणीय केशरी नाथ त्रिपाठी जी के निधन से मन अत्यंत व्यथित है, ईश्वर गोलोकवासी पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान एवं परिजनों व शुभ चिंतकों को इस दु:ख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *