Dainik Athah

एक दिन सांसद के स्वागत में भोज तो दूसरे दिन रालोद की बैठक

इनके तो दोनों हाथों में लड्डू है

अथाह संवाददाता
मोदीनगर।
जिले में ऐसे लोगों की भी कमी नहीं है जो दोनों हाथों में लड्डू रखते हैं। ऐसा ही कुछ मोदीनगर क्षेत्र में देखने को मिला। एक प्रधान जी ने पहले दिन बागपत सांसद समेत भाजपा नेताओं का अपने घर पर स्वागत करने के साथ ही भोजन भी करवाया। अगले ही दिन उन्होंने पलटी मारी और रालोद की बैठक का आयोजन अपने यहां करवा दिया। इसको लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है।

साल के अंतिम दिन बागपत सांसद सत्यपाल सिंह के मोदीनगर में अनेक कार्यक्रम थे। इस दौरान रजापुर ब्लाक के गांव काजमपुर के प्रधान मनोज पुत्र राजबीर सिंह ने अपने घर पर सांसद जी के साथ ही भाजपा जिलाध्यक्ष, पूर्व विधायक एवं अन्य भाजपा नेताओं का स्वागत करने के साथ ही उनके स्वागत में भोज भी रखा। भाजपा नेताओं ने भोजन का स्वाद तो लिया ही साथ ही चटकारे लेते हुए भोजन की सराहना भी की।

इसके अगले ही दिन इसी घर में रालोद की जिला व महानगर की बैठक किसान संदेश अभियान के तहत इसी घर में रखी गई। रालोद के जिलाध्यक्ष अमित त्यागी सरना ने रालोद कार्यकर्ताओं को भेजे संदेश में भी कहा कि पार्टी की आवश्यक बैठक काजमपुर प्रधान राजबीर सिंह के निवास पर होगी। बता दें कि वर्तमान में प्रधान मनोज है, लेकिन पिछली योजना में प्रधान मनोज के पिता राजबीर सिंह थे। अब भाजपा में यह सवाल खड़ा हो रहा है कि आखिर सांसद जी का कार्यक्रम किसने लगवाया। इसके साथ ही यह भी चर्चा है कि प्रधान जी दोनों दलों को साधे रखना चाहते हैं। भाजपा से काम हो तो उसके अन्यथा रालोद तो है ही। लेकिन इस स्थिति में सांसद जी की कैसे 2024 के चुनाव में नैया पार हो पायेगी। इसको लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *