Dainik Athah

आज से जिले में निकाय अध्यक्षों का कार्यकाल समाप्त होना शुरू

अधिशासी अधिकारियों के हाथों में होगी निकायों की कमान

आज लोनी, कल मुरादनगर नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष का कार्यकाल समाप्त

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद।
जिले में नगर निकायों के अध्यक्षों (चेयरमैन एवं महापौर) के कार्यकाल समाप्त होने की शुरूआत हो गई है। इस कड़ी में सबसे पहले लोनी नगर पालिका चेयरमैन रंजीता धामा का कार्यकाल समाप्त हो गया है। सबसे अंत में गाजियाबाद नगर निगम महापौर का 22 जनवरी एवं इससे एक दिन पहले मोदीनगर नगर नगर पालिका चेयरमैन का कार्यकाल समाप्त होगा। अब नगर पालिका, नगर पंचायतों की जिम्मेदारी संबंधित अधिशासी अधिकारियों के हाथ में होगी।
बता दें कि शासन द्वारा जारी किये गये निर्देशों के क्रम में शासन ने पहली बोर्ड बैठक से निकाय अध्यक्षों का कार्यकाल माना था। जबकि नगर पालिका अधिनियम में शपथ ग्रहण से कार्यकाल माना गया था। पूरे प्रदेश में निकाय अध्यक्षों का शपथ ग्रहण 12 दिसंबर 2017 को हुआ था। लेकिन पहली बोर्ड बैठक करने के लिए शासन ने 23 जनवरी तक का समय निर्धारित किया था। इसके बाद ही निकायों में बोर्ड बैठक शुरू हुई थी। जिले में सबसे पहले लोनी नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक पांच जनवरी को हुई थी। इसके हिसाब से चार जनवरी को नगर पालिका अध्यक्ष रंजीता धामा का कार्यकाल समाप्त हो गया। इनके साथ ही पतला नगर पंचायत चेयरमैन मनोज शर्मा का कार्यकाल भी आज समाप्त हो चुका है।

इसके बाद मुरादनगर नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक छह जनवरी को हुई थी। मुरादनगर नगर पालिका परिषद के चेयरमैन विकास तेवतिया का कार्यकाल भी पांच जनवरी को समाप्त हो जायेगा। निवाड़ी एवं फरीदनगर नगर पंचायतों के चेयरमैन के कार्यकाल का भी आज अंतिम दिन है। वे भी कल से पूर्व चेयरमैन हो जायेंगे। इसके बाद खोड़ा नगर पालिका चेयरमैन रीना भाटी का कार्यकाल 16 जनवरी, मोदीनगर चेयरमैन अशोक माहेश्वरी का कार्यकाल 21 जनवरी एवं गाजियाबाद नगर निगम महापौर आशा शर्मा का कार्यकाल सबसे अंत में 22 जनवरी को समाप्त होगा।

नगर निकायों के चेयरमैन के कार्यकाल समाप्त होने की प्रक्रिया जिले में आज से शुरू हो गई है। शासन ने पूर्व में जो व्यवस्था दी थी उसके अनुरूप अधिशासी अधिकारी के पास कार्यभार होगा। इस संबंध में जल्द ही शासनादेश जारी होने की उम्मीद है। शासन की तरफ से जो निर्देश जारी होंगे उसी के अनुरूप व्यवस्था की जायेगी। राकेश कुमार सिंह जिलाधिकारी गाजियाबाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *