Dainik Athah

टिकट के दावेदार पदाधिकारी स्क्रीनिंग कमेटी से रहेंगे बाहर

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने घोषित की स्क्रीनिंग कमेटी

महापौर, नगर पालिका, नगर पंचायत चेयरमैन प्रत्याशी प्रदेश से होंगे घोषित

निगम पार्षद- नगर पालिका सभासदों के नाम भी प्रदेश की स्वीकृति के बाद ही घोषित होंगे
फोटो भूपेंद्र सिंह- कमल का फूल

अशोक ओझा
लखनऊ।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने निकाय चुनावों के लिए स्क्रीनिंग कमेटी की घोषणा कर दी है। इसके साथ ही यह भी स्पष्ट कर दिया गया है कि टिकट के दावेदार पदाधिकारी स्क्रीनिंग कमेटी से बाहर रहेंगे।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने पूरे प्रदेश के पदाधिकारियों को भेजे पत्र में कहा है कि निकाय चुनाव 2022 का अनंतिम आरक्षण घोषित हो चुका है। चुनाव हेतु निकाय (महानगर में मंडल), जिला- महानगर, क्षेत्र एवं निगम स्तर पर स्क्रीनिंग कमेटी का गठन होना है। यह कमेटी अपने स्तर पर नगर निगम महापौर, नगर पालिका एवं नगर पंचायत चेयरमैन के साथ ही वार्ड प्रत्याशियों का पैनल बनायेगी।
इसके साथ ही उन्होंने स्क्रीनिंग कमेटी की घोषणा करते हुए कहा महापौर पद के लिए नगर निगम चुनाव प्रभारी एवं सह प्रभारी, महानगर भाजपा प्रभारी, महानगर अध्यक्ष, निगम चुनाव संयोजक, महानगर महामंत्री, क्षेत्र पदाधिकारी, प्रदेश पदाधिकारी, मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष, विधायक एवं एमएलसी, सांसद एवं राज्यसभा सांसद तथा विधानसभा प्रत्याशी इसके सदस्य होंगे। पार्षद के लिए इन सभी के साथ ही मंडल प्रभारी, मंडल अध्यक्ष, वार्ड प्रभारी एवं वार्ड अध्यक्ष। वार्ड के मामले में केवल अपने वार्ड की स्क्रीनिंग कमेटी में ही ये शामिल होंगे।
नगर पालिका एवं नगर पंचायत की स्क्रीनिंग कमेटी में निकाय चुनाव प्रभारी, निकाय चुनाव संयोजक, जिला पदाधिकारी केवल अपने निकाय में, विधायक, मंडल प्रभारी एवं मंडल अध्यक्ष शामिल होंगे।
इसी प्रकार जिला स्क्रीनिंग कमेटी की घोषणा की गई है। इसमें जिला प्रभारी, जिलाध्यक्ष, जिला चुनाव संयोजक, जिला महामंत्री, प्रदेश पदाधिकारी एवं मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष केवल अपने जिले में शामिल होंगे। क्षेत्र पदाधिकारी भी अपने जिले में, सांसद, विधायक, राज्यसभा सांसद, एमएलसी अपने जिले में इसके साथ ही निवर्तमान जिलाध्यक्ष को भी स्क्रीनिंग कमेटी में शामिल किया गया है।
क्षेत्रीय स्क्रीनिंग कमेटी में क्षेत्र प्रभारी, क्षेत्रीय अध्यक्ष एवं क्षेत्रीय चुनाव संयोजक शामिल होंगे। इसके साथ ही प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि नगर पंचायतों के वार्ड प्रत्याशी की घोषणा क्षेत्र की सहमति से जिलों से की जायेगी। नगर पालिका वार्ड प्रत्याशी की घोषणा प्रदेश की अनुमति से क्षेत्र से की जायेगी।
इतना ही नहीं नगर निगम महापौर, नगर निगम वार्ड प्रत्याशी, नगर पालिका एवं नगर पंचायत चेयरमैन प्रत्याशियों की घोषणा प्रदेश से की जायेगी।
भूपेंद्र सिंह चौधरी ने निर्देश दिये कि जिलाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी सभी निकायों की स्क्रीनिंग कमेटी व जिले की स्क्रीनिंग कमेटी क्षेत्र व प्रदेश कार्यालय को तत्काल भेजें। कमेटी बनाते समय क्षेत्र से सहमति लेना भी आवश्यक है। इसके साथ ही निर्देश दिये गये कि निकाय चुनाव प्रभारी, सह प्रभारी, जिला एवं महानगर प्रभारी अपने जिले में 16 दिसंबर तक आवेदक कार्यकर्ताओं की जानकारी लेकर स्क्रीनिंग प्रक्रिया को आगे बढ़ायें।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने निर्देश दिये हैं कि महापौर प्रत्याशियों का पैनल निगम चुनाव प्रभारी व सह प्रभारी के माध्यम से प्रदेश अध्यक्ष के साथ ही प्रदेश संगठन महामंत्री को भेजे जायेंगे। निगम वार्ड प्रत्याशियों का पैनल क्षेत्र के माध्यम से प्रदेश में भेजा जायेगा, नगर पालिका वार्ड प्रत्याशियों का पैनल क्षेत्र में जायेगा, जबकि नगर पालिका एवं नगर पंचायत चेयरमैन के पैनल क्षेत्र के माध्यम से प्रदेश में पहुंचेगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि टिकट के दावेदार पदाधिकारी निर्णय प्रक्रिया में सम्मिलित नहीं होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *