Dainik Athah

भाजपा स्क्रीनिंग कमेटी तय करेगी टिकट का निर्णय: भूपेंद्र सिंह चौधरी

भाजपा की प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में निर्देश

12 से 18 तक क्षेत्र, जिला एवं महानगर की बैठकों का आयोजन

अशोक ओझा
लखनऊ।
भारतीय जनता पार्टी में महापौर- चेयरमैन से लेकर पार्षद एवं सभासदों के टिकट स्क्रीनिंग कमेटी तय करेगी।
रविवार को लखनऊ में हुई प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि नगर निकाय चुनाव में एक-एक कार्यकर्ता को जिम्मेदारी सौंपकर चुनावी रणनीति तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि हर बूथ भाजपा- हर घर भाजपा के मंत्र के साथ प्रत्येक दहलीज तक सम्पर्क करना है। उन्होंने कहा कि चुनाव में ज्यादा समय नहीं है। इसलिए सभी संगठनात्मक कार्यों को शीघ्रता से पूर्ण करना हैं।
इसके साथ ही प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि निकाय चुनाव में भाजपा प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया का आधार सामूहिकता होगा। महापौर, नगरपालिका अध्यक्ष, नगर पंचायत अध्यक्ष तथा नगर निगम, नगर पालिका व नगर पंचायत के पार्षद, सभासद प्रत्याशी स्क्रीनिंग कमेटी द्वारा तय किये जाएगें।

बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि पार्टी 12 से 18 दिसम्बर तक आगामी संगठनात्मक कार्यों एवं नगर निकाय चुनावों को लेकर क्षेत्र एवं जिला स्तर पर बैठकें आयोजित करेगी। इन बैठकों को निर्धारित समय पर करने के निर्देश भी उन्होंने दिये।

भाजपा पदाधिकारी लड़ सकते हैं चुनाव

बैठक में भाजपा ने अपने जिला- महानगर अध्यक्षों के साथ ही क्षेत्रीय पदाधिकारियों को चुनाव लड़ने की हरी झंडी देने के साथ ही स्पष्ट किया कि जो महापौर एवं चेयरमैन के लिए आवेदन करेंगे उस सीट की स्क्रीनिंग कमेटी में शामिल नहीं होंगे। इससे यह तय है कि अब महानगर भाजपा अध्यक्ष एवं क्षेत्रीय उपाध्यक्ष ने भी महापौर पद की दौड़ तेज कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *