Dainik Athah

मुख्यमंत्री 22 को करेंगे प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन को संबोधित, शिलान्यास- उद्घाटन भी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गाजियाबाद दौरे के मद्देनजर तैयारियां शुरू

कविनगर रामलीला मैदान में आयोजित होगा बड़ा कार्यक्रम

भाजपा ने दस हजार की संख्या जुटाने का रखा लक्ष्य

डीएम ने भाजपा जिलाध्यक्ष- महानगर अध्यक्ष के साथ किया कविनगर रामलीला मैदान का निरीक्षण

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद।
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 22 नवंबर को गाजियाबाद में विशाल प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इसके साथ ही जिले की अनेक विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास भी करेंगे। इसके मद्देनजर पुलिस- प्रशासन के साथ ही भाजपा संगठन ने भी जोरशोर से तैयारियां शुरू कर दी है।


मुख्यमंत्री के 22 नवंबर को गाजियाबाद आगमन की जानकारी जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह को गुरुवार को देर रात मिली। मुख्यमंत्री संगठन की योजना के अनुसार गाजियाबाद में विशाल प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन को संबोधित करेंगे। वे यहीं पर जिले की अनेक विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास भी करेंगे। डीएम ने जानकारी मिलते ही तैयारियां शुरू कर दी। उन्होंने शुक्रवार को सबसे पहले कलक्ट्रेट में भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश सिंघल एवं महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा के साथ कार्यक्रम की रूपरेखा तय की। इसके साथ ही कार्यक्रम कविनगर रामलीला मैदान में आयोजित करने का निर्णय लिया गया।


सुबह ही जिलाधिकारी के साथ दोनों अध्यक्ष, प्रदेश मंत्री अमित वाल्मीकि, एडीएम सिटी बिपिन कुमार एवं एसपी यातायात रामानंद कुशवाहा सीधे कविनगर रामलीला मैदान पहुंचे तथा मैदान का निरीक्षण किया। यहां देखा गया कि कहां पर मंच बनेगा, कहां पार्किंग होगी एवं विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन कहां से होगा।

कविनगर रामलीला मैदान के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश सिंघल एवं महानगर संजीव शर्मा ने पार्टी कार्यालय में प्रमुख पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में तय किया गया कि 22 नवंबर शाम चार बजे मुख्यमंत्री प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में भीड़ जुटाने के लिए मंडलवार व्यवस्था निर्धारित की गई। दोनों अध्यक्षों ने बताया कि सम्मेलन में डाक्टर, इंजीनियर, अधिवक्ता, व्यापारी, बिल्डर, एनजीओ, शिक्षक, प्रोफेसर समेत करीब दस हजार लोग उपस्थित रहेंगे। बैठक को महानगर निकाय चुनाव संयोजक संजय कश्यप ने भी संबोधित किया।

मुख्यमंत्री उद्घाटन- शिलान्यास भी करेंगे: डीएम

जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 22 नवंबर को कविनगर रामलीला मैदान में प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन को संबोधित करेंगे। उन्होंने बताया कि इस दौरान अनेक विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास भी करेंगे। विस्तृत कार्यक्रम का इंतजार है। इसके साथ ही कौन कौन से उद्घाटन एवं शिलान्यास होंगे इसकी सूची तैयार की जा रही है। यह कार्यक्रम भी सभा स्थल पर ही होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *