Dainik Athah

रालोद प्रवक्ता अभिषेक चौधरी गुर्जर ने थामा कमल का फूल

रालोद प्रत्याशी को नामांकन से पहले ही लगा झटका

देर रात अपने निवास पर प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने किया भाजपा में शामिल

जयंत चौधरी निष्ठावान कार्यकर्ताओं की लगातार उपेक्षा कर रहे हैं: अभिषेक चौधरी

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के खतौली विधानसभा का उप चुनाव रोचक होता जा रहा है। भाजपा ने रालोद प्रत्याशी मदन भैया को उनके नामांकन से पहले ही झटका देते हुए रालोद के राष्टÑीय प्रवक्ता अभिषेक चौधरी गुर्जर को भाजपा में शामिल कर लिया।
बता दें कि खतौली सीट से रालोद ने जैसे ही मदन भैया को प्रत्याशी बनाने की घोषणा की उसके तत्काल बाद रालोद के राष्टÑीय प्रवक्ता अभिषेक चौधरी गुर्जर ने बगावती तेवर अपना लिये थे। उम्मीद जताई जा रही थी कि अभिषेक भाजपा में शामिल हो सकते हैं। इसी के अनुरूप भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने मंगलवार की रात अपने लखनऊ आवास पर लोकदल के राष्ट्रीय प्रवक्ता अभिषेक चौधरी गुर्जर को उनके समर्थकों के साथ भाजपा परिवार में शामिल कर लिया। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने पार्टी का पटका पहनाकर अभिषेक गुर्जर का भाजपा में स्वागत करते हुए कहा कि अभिषेक चौधरी के भाजपा में सम्मिलित होने से पार्टी मजबूत होगी।
चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की केन्द्र सरकार व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की प्रदेश भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों व भाजपा की अंत्योदय व सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की विचारधारा से प्रभावित होकर अभिषेक चौधरी के बड़ी संख्या में अपने समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने से भाजपा की विचारधारा को आगे बढ़ाने में बल मिलेगा। इस अवसर पर ऊर्जा राज्य मंत्री सोमेन्द्र तोमर भी उपस्थित रहे।

भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने के बाद अभिषेक चौधरी ने कहा कि लोकदल के मुखिया जयंत चौधरी जमीनी हकीकत से कट चुके है वे लगातार पार्टी के निष्ठावान और समर्पित कार्यकतार्ओं की उपेक्षा कर रहे हैं। जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा सरकार गरीब कल्याण के काम कर रही है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी जी के नेतृत्व में पार्टी की नीति व सिद्धान्तों के अनुसार कार्य करते हुए भाजपा के एक सिपाही के रूप में काम करूंगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *