Dainik Athah

लोनी में 60 नहीं 55 वार्डों में ही निर्धारित समय पर होगा निकाय चुनाव

लोनी- मुजफ्फरनगर में वार्डों की संख्या 60, राज्य निर्वाचन आयोग ने अस्वीकार की

प्रशासन 60 से 55 वार्ड करने में जुटा, फिर से जारी होगा परिसीमन

20 तक सभी प्रक्रिया हो जायेगी पूर्ण

अशोक ओझा
गाजियाबाद। लोनी नगर पालिका परिषद चुनाव पर छा रही धुंध अब हटती नजर आ रही है। लोनी में इतना अवश्य होगा कि वार्डों की संख्या अवश्य पहले जितनी ही अर्थात 55 ही रहेगी। जो पांच वार्ड बढ़े थे उन्हें समाप्त किया जायेगा। लेकिन नये परिसीमन के अनुसार जो गांव बढ़े थे उनमें कोई बदलाव नहीं होगा।
लोनी में दोबारा से परिसीमन की खबरों के साथ ही निकाय चुनाव लड़ने की इच्छा रखने वाले लोनी के नेताओं के माथे पर पसीना आ गया था कि चुनाव समय पर नहीं होंगे। इसको लेकर चेयरमैन पद के दावेदारों से लेकर वार्डों के दावेदार तक परेशान है। अब इस खबर के बाद लोनी के नेताओं की चिंता समाप्त हो जानी चाहिये। शासन ने जिले की तीन नगर पालिका परिषदों मोदीनगर, लोनी एवं मुरादनगर का सीमा विस्तार किया था। विस्तार के बाद मोदीनगर एवं लोनी नगर पालिकाओं में वार्डों की संख्या में वृद्धि की गई थी। पूर्व में लोनी नगर पालिका की आबादी चार लाख 60 हजार थी। इतनी आबादी पर 55 वार्ड बनते हैं। 2011 की जनगणना के अनुसार सीमा विस्तार के बाद लोनी नगर पालिका की आबादी पांच लाख 81 हजार हो गई। इतनी आबादी पर 60 वार्ड बनते हैं। लेकिन शासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि नगर पालिकाओं में वार्ड की संख्या 55 से अधिक नहीं होगी। ऐसे में अब 60 के स्थान पर 55 वार्ड करने का काम शुरू कर दिया गया है।

सूत्रों के अनुसार लोनी शहर की घनी आबादी के क्षेत्र के वार्डों में मतदाताओं की संख्या बढ़ाकर वार्डों की संख्या 55 तक सीमित कर दी जायेगी। जिला प्रशासन का यह प्रयास है कि अगले दो दिन में नये वार्डों का परिसीमन कर रिपोर्ट शासन को भेज दी जाये। इसके लिए दिन- रात काम हो रहा है। प्रशासन के सूत्र भी बता रहे हैं कि चुनाव हर हाल में अन्य निकायों के साथ कराने के लिए प्रशासन हर संभव प्रयास कर रहा है।

लोनी नगर पालिका में वार्डों की संख्या में कुछ बदलाव किया जा रहा है। लोनी में नगर पालिका परिषद के चुनाव के संबंध में सभी कार्य समय पर पूर्ण कर लिये जायेंगे तथा चुनाव भी सभी निकायों के साथ ही संपन्न होंगे।
राकेश कुमार सिंह

जिलाधिकारी, गाजियाबाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *