Dainik Athah

खत्म हुई इंतजार की घड़ियां, शीघ्र शुरू होगा धोबी घाट आरओबी

लाखों लोगों को आवागमन में होगी सुविधा

अथाह सवांददाता

गाजियाबाद। आखिर करीब 40 साल के लंबे इंतजार के बाद लाइनपार क्षेत्र व शहर को जोड़ने वाले धोबी घाट आरओबी की सौगात जनता को मिलने वाली है। सब कुछ ठीक रहा तो आने वाली दीपावली पर आरओबी पर वाहन फर्राटे भरना शुरु कर देंगे। धनुषाकार आरओबी की भार क्षमता को परखने के बाद ब्रिज खोले जाने की संभावना है। उधर लोकार्पण की भी सुगबुगाहट है। बता दें कि शहर और विजयनगर को जोड़ने के लिए चौधरी मोड़ के सामने धोबी घाट आरओबी की मांग वर्ष 1982 में उठी थी। तब से बराबर रेलवे ओवरब्रिज बनाने के लिए विजयनगर की जनता व आरडब्ल्यूए व अन्य संगठन मांग करते रहे। लेकिन मांग को पूर्व सरकारें अनसुना करती रही। भला हो भाजपा सांसद वी के सिंह का जिन्होंने आरओबी निर्माण का जनता से वादा किया।

बतादें वर्ष 2014 में लोकसभा चुनाव से पूर्व एक बार फिर लाइनपार क्षेत्र की जनता ने हुंकार भरी। चुनाव मैदान में उतरे भाजपा प्रत्याशी वी के सिंह ने आरओबी निर्माण का वादा किया। चुनाव जीतने के बाद वीके सिंह ने केंद्रीय रेलवे राज्य मंत्री मनोज सिन्हा के हाथों जून 2016 में आरओबी निर्माण की नींव रखी। हालांकि इससे पहले बसपा विधायक रहे सुरेश बंसल ने भी आरओबी निर्माण की मांग सदन में उठाई थी। उद्घाटन के कई महीनों बाद ब्रिज का निर्माण कार्य शुरू हुआ। जिसे शीघ्र पूर्ण करने का समय दिया। लेकिन पुल समयावधि में नहीं बन सका।

निर्माण को लेकर कोई न कोई बाधा आती गई। अब जाकर ब्रिज बनकर लगभग तैयार है। आरओबी चालू होने से ना सिर्फ लाइन पार की लाखों की आबादी को सहुलियत होगी बल्कि शहर की ओर से नोएडा दिल्ली जाने वालों को भी फायदा होगा। दोनों ओर मामूली काम शेष बचा है। पुल की भार क्षमता परखने का कार्य पूर्ण होते ही जनता के लिए आरओबी खोल दिया जाएगा।जीडीए अधिकारियों का कहना है कि दिवाली तक आरओबी को चालू कर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *