Dainik Athah

भाजपा विधायक ने प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री को घेरा, लगाये आरोप

यूपी विधानसभा सत्र से पहले हंगामे की पटकथा तैयार
विशेषाधिकार हनन के लिए विस अध्यक्ष को दिया पत्र, विधायकों के अपमान का लगाया आरोप
आरोप: विधायकों- मंत्रियों को कुछ नहीं समझते अफसर


विधायक नंद किशोर गुर्जर ने कहा 6- 7 विधायकों का प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री ने किया अपमान
लोनी एसडीएम से खफा विधायक ने लगाये भ्रष्टाचार के आरोप
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने ट्वीट कर कहा भाजपा विधायक खोल रहे पोल, कहा हिस्सा नहीं मिला होगा


अथाह संवाददाता
गाजियाबाद।
उत्तर प्रदेश विधानसभा सत्र से पूर्व ही लोनी के भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर ने प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री पर सीधे आरोप लगाकर जहां अपनी ही सरकार को एक बार फिर कटघरे में खड़ा किया है, वहीं उन्होंने विपक्ष को भी सरकार पर हमले का मौका दे दिया। इसके साथ ही उन्होंने सत्र से पूर्व विधानसभा में हंगामे की पटकथा भी लिख दी है। इसको लेकर गाजियाबाद से लखनऊ तक हड़कंप है। मौके को भुनाते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी सरकार एवं लोनी विधायक पर हमला करने में देरी नहीं की।


बता दें कि योगी आदित्यनाथ की पहली सरकार में भी लोनी विधायक नंद किशोर गुर्जर ने अधिकारियों पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए विधानसभा में हंगामा किया था। जिसके बाद सरकार ने आननफानन में स्थिति को संभाल लिया। गुर्जर ने एक बार फिर सरकार एवं पार्टी के समक्ष संकट खड़ा कर दिया है। उन्होंने लोनी एसडीएम पर हमला किया तथा आरोप लगाया कि वे भ्रष्ट अधिकारी है तथा भूमाफियाओं के खिलाफ कार्रवाई नहीं करते। इसके साथ ही आरोप लगाया कि नेहरू पार्क पर कब्जा हो रहा है। नीलम फैक्ट्री के पास अरबों रुपये की 52 बीघा जमीन पर कब्जा करवा दिया है। उन्होंने कहा इस संबंध में मुख्यमंत्री को शिकायत की गई एवं जांच के लिए आदेश हुए तो उन्हें दबा दिया। एसडीएम कहते हैं मैं प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री का आदमी हूं। ऐसे विधायक बहुत देखे हैं। कोई मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकता।


नंद किशोर ने प्रेस वार्ता में खुला आरोप लगाया कि प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री एसपी गोयल से समय लेकर मिलने गये थे। लेकिन उन्हें पता था कि वे क्यों मिलने आये हैं। ऐसे में उन्हें एक घंटे इंतजार करवाया और मिले नहीं, जबकि विधायक से मिलना प्रोटोकॉल है। उस समय 6- 7 विधायक मौजूद थे जिनमें कई तो गाजियाबाद एवं पउप्र के थे, जबकि वरिष्ठ विधायक कृष्णा पासवान भी थी। सभी विधायकों का एसपी गोयल ने अपमान किया है। इस मामले में विधानसभा अध्यक्ष को प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री के खिलाफ विशेषाधिकार हनन के लिए पत्र दिया है।
भाजपा के लोनी विधायक ने सीधा आरोप लगाया कि सपा के समय के अफसरों ने प्रदेश में लूट मचाई हुई है। ऐसे अफसरों की जांच हो। उन्होंने यहां तक कहा कि मैं लोनी की जनता की आवाज उठाता रहूंगा विधायकी रहे या जाये। इतना ही नहीं उन्होंने अपनी हत्या की आशंका भी जताई कि अफसर उनके ऊपर हमला करवा सकते हैं। उन्होंने अफसरों पर कहा वे प्रदेश का पैसा लूट कर विदेशों मे लगा रहे हैं। उन्होंने कहा वे मुख्यमंत्री के समक्ष पूरा मुद्दा रखेंगे।

एसडीएम ने वीडियो जारी कर दी सफाई
इस मामले में एसडीएम लोनी संतोष कुमार राय ने वीडियो ट्वीट कर सफाई दी है कि अवैध निर्माण उनकी तैनाती से पूर्व हुआ है, जिसके संबंध में जीडीए से रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट मिलने के बाद अवैध निर्माण ध्वस्त किया जायेगा।

अखिलेश यादव अपना घर संभाले: नंद किशोर
नंद किशोर गुर्जर ने सपा प्रमुख एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के ट्वीट पर कहा कि वे अपना घर संभाले। इसके साथ ही कहा कि यदि कोई एक रुपया कमीशन का आरोप भी लगा दे तो वे राजनीति से सन्यास ले लेंगे।

क्या कहा अखिलेश यादव ने ट्वीट कर

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने ट्वीट कर कहा कहा कि जब भाजपा के अपने विधायक अपने क्षेत्र में भ्रष्टाचार को लूट- डकैती बता रहे हैं तो और सबूत क्या चाहिये। उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अब बुलडोजर कहां है। उन्होंने लिखा कि ये क्रोध हिस्सा न मिलने का है या अपने अधिकार क्षेत्र में किसी और के हस्तक्षेप का।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *