Dainik Athah

निकाय चुनाव की तैयारी में अभी से जुटें पार्टी कार्यकर्ता: धर्मपाल सिंह

निकाय चुनाव- सेवा पखवाड़ा को लेकर भाजपा की क्षेत्रीय बैठक संपन्न

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के निकाय चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत होगी: मोहित बेनीवाल

सेवा पखवाड़े के कार्यक्रम भी किये तय

अथाह संवाददाता,
नोएडा।
भारतीय जनता पार्टी ने आगामी निकाय चुनाव को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी है। इसके तहत भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने पार्टी जिलाध्यक्षों से निकाय चुनाव में जुट जाने को कहा।

बुधवार को भाजपा पश्चिम उत्तर प्रदेश की निकाय चुनाव के संबंध में बैठक नोएडा के सिटी प्राइड सेक्टर 51 में सम्पन्न हुई। जिसकी अध्यक्षता क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल एवं संचालन क्षेत्रीय महामंत्री हरिओम शर्मा ने किया। इस बैठक के पूरे पश्चिम उत्तर प्रदेश से जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी और क्षेत्र के पदाधिकारी मौजूद रहे।

इस महत्वपूर्ण बैठक में आगामी निकाय चुनाव के साथ ही आगामी योजना एवं सेवा पखवाड़ा 17 सितम्बर से 2 अक्तूबर तक की कार्य योजना बनाई। प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने सभी जिलाध्यक्षों और प्रभारियों से आगामी निकाय चुनाव को लेकर चर्चा की और उनके सुझाव भी लिए। उन्होंने साथ ही सभी जिला बैठक, मंडल बैठक और वार्ड बैठक करने के लिए और हर मंडल एवं वार्ड में सभी लोगों से कैसे सम्पर्क किया जाए इस पर भी सभी से बात की साथ ही संगठन को और मजबूत करने पर भी जोर दिया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि वार्डों के साथ ही निकाय चुनाव में भाजपा की जीत की भूमिका अभी से तैयार कर लें। जिन निकायों में भाजपा को पिछली बार हार मिली थी उन्हें भी जीतने की रणनीति बनायें।

धर्मपाल सिंह ने कहा 17 सितम्बर को यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष में सेवा पखवाड़ा का आयोजन किया जाएगा जो 2 अक्तूबर गांधी जयंती तक चलाया जाएगा जिसमें सेवा कार्य जैसे स्वच्छता, ब्लड डोनेशन, वैक्सिनेशन कैम्प, वृक्षारोपण, मरीजों को फल वितरण जैसे कई सेवा कार्य करने है।

क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल ने आगामी चुनाव पर कहा कि हमारे क्षेत्र में चार नगर निगम आते हैं जिसमें गाजिÞयाबाद, मेरठ, मुरादाबाद और सहारनपुर हैं जहाँ हमारी रणनीति और कार्य योजना इस प्रकार रहेगी जिसके द्वारा हम सभी सीटों पर भाजपा की ऐतिहासिक जीत सुनिश्चित करेंगे साथ ही सभी नगर निकाय पर भी भाजपा का कब्जा का होगा।

बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष एवं राज्य सभा सांसद सुरेंद्र नागर, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधायक पंकज सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं राज्य सभा सांसद कांता कर्दम, प्रदेश उपाध्यक्ष सत्यपाल सैनी, सुनीता दयाल, सांसद डा. महेश शर्मा, क्षेत्रीय महामंत्री विकास अग्रवाल, हरीश ठाकुर, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी गजेंद्र शर्मा, अभय प्रताप, इंद्रपाल बजरंगी, गाजियाबाद जिलाध्यक्ष दिनेश सिंघल, महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा समेत सभी क्षेत्रीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

सेवा पखवाड़े के कार्यक्रम इस प्रकार से रहेंगे

  • 17- सितंबर -रक्त दान शिविर युवा मोर्चा के द्वारा
  • 18 सितंबर- आरोग्य मेला
  • 19 सितंबर- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी लगाना
  • 20 सितंबर- स्वच्छता अभियान
  • 21 सितंबर- अमृत सरोवर की सफाई
  • 22 सितंबर- वर्षा जल संरक्षण जल ही जीवन है
  • 23 सितंबर- वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट
  • 24 सितंबर- दिव्यांगों को कृत्रिम उपकरण भेंट
  • 25 सितंबर- पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती एवं मन की बात कार्यक्रम
  • 26 सितंबर- विविधता में एकता
  • 27 सितंबर- प्रधानमंत्री गरीब कल्याण लाभार्थी शुभकामना पोस्टकार्ड अभियान
  • 28 सितंबर- बुद्धिजीवी सम्मेलन
  • 30 सितंबर- टीबी मुक्त राष्ट्र
  • 1 अक्टूबर- वृक्षारोपण
  • 2 अक्टूबर- गांधी जयंती स्वदेशी, सादगी, स्वच्छता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *