Dainik Athah

जन प्रतिनिधियों- संगठन की बैठक आयोजित

पुलिस के साथ ही नगर निगम के मुद्दे रहे हावी

हिंडन के सौंदर्यीकरण के साथ पर्यटन स्थल बनाने की मांग भी उठी

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद।
जिले के जन प्रतिनिधियों ने भाजपा महानगर संगठन के साथ बैठक कर समस्याएं सुनी। इस दौरान पुलिस के साथ ही नगर निगम एवं जीडीए संबंधित समस्याएं कार्यकर्ताओं ने रखी।

प्रताप विहार स्थित जल निगम अतिथि गृह में शुक्रवार को प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप की अध्यक्षता में महानगर संगठन के पदाधिकारियों की बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में मुख्य रूप से महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा, राज्यसभा सदस्य अनिल अग्रवाल, विधायक डा. मंजू शिवाच एवं जिला पंचायत अध्यक्ष ममता बसंत त्यागी मौजूद रहे। बैठक में महानगर महामंत्री पप्पू पहलवान ने मुख्य रूप से हिंडन नदी के सौंदर्यीकरण का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा इसे पर्यटन स्थल भी बनाया जा सकता है।

बैठक में विजयनगर पुलिस की शिकायत कार्यकर्ताओं ने सबसे अधिक की। कहा कि वे भाजपा कार्यकर्ताओं से जानबूझकर अभद्रता करते हैं। विजयनगर में अपराध बढ़ने समेत अन्य मामले भी उठाये गये। इसके साथ ही नगर निगम की शिकायतें भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने की। निगम अधिकारियों पर उपेक्षा के आरोप भी लगाये। बैठक में जीडीए व नगर निगम को लेकर कहा गया कि जब अतिक्रमण होता है उस समय अधिकारी आंख बंद कर लेते हैं और बाद में तोड़ने पहुंच जाते हैं।

बैठक में मुख्य रूप से महानगर महामंत्री गोपाल अग्रवाल, संजीव चौधरी, कुलदीप त्यागी, सचिन डेढ़ा, यशपाल पहलवान, मंडल अध्यक्ष भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *