Dainik Athah

किसान मोर्चा जिला कमेटी में बदलाव पर क्षेत्रीय अध्यक्ष की ना

भाजपा जिला किसान मोर्चा में उठ रहे बगावत के सुर

पदाधिकारियों का आरोप अपनी मनमर्जी चलाते हैं चौधरी

क्षेत्रीय अध्यक्ष के सामने हो चुकी है जिले के पदाधिकारियों में तू तू – मैं मैं

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद।
भाजपा किसान मोर्चे में लग रहा है कि सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। अपनी मनमर्जी से जिला कमेटी में बदलाव करना जिलाध्यक्ष को भारी पड़ गया। क्षेत्रीय अध्यक्ष ने बदलाव पर ही रोक लगाते हुए कहा कमेटी पूर्व में जो घोषित की गई है वही रहेगी। मोर्चा किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष कहते हैं प्रदेश अध्यक्ष से मंजूरी मिल गई है और जिलाध्यक्ष की सहमति है। इतना ही नहीं क्षेत्रीय अध्यक्ष के सामने ही मोर्चा पदाधिकारियों में जमकर तू तू मैं मैं हुई।

भाजपा किसान मोर्चा का जिलाध्यक्ष देवेंद्र चौधरी डायमंड को बनाया गया था। इसके बाद तीन सितंबर 2021 को डायमंड ने भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश सिंघल एवं जिला प्रभारी सतेंद्र सिसौदिया की सहमति से 31 सदस्यीय जिला कमेटी बनाई। इस कमेटी को मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष तेजा गुर्जर से अनुमति लेकर घोषित कर दिया गया। लेकिन कमेटी एक वर्ष भी पूरा नहीं कर पाई एवं इसमें विवाद उत्पन्न होने शुरू हो गये। आरोप है कि जिलाध्यक्ष डायमंड ने कुछ पदाधिकारियों को अपनी मर्जी से वाट्सअप ग्रुप से बाहर कर दिया और उन्हें कार्यक्रमों की सूचना देनी भी बंद कर दी। इसके बाद ही विवाद अधिक शुरू हो गया। आरोप तो यहां तक है कि मोर्चे के पदाधिकारियों से भी डायमंड का व्यवहार ठीक नहीं है। इस मामले में अब

साढ़े दस माह में ही बदल दिये आधा दर्जन पदाधिकारी

कमेटी को बने एक वर्ष भी नहीं हुआ। मात्र साढ़े दस माह में किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष देवेंद्र चौधरी डायमंड ने आधा दर्जन पदाधिकारियों की कमेटी से छुट्टी कर दी और नये पदाधिकारियों को लेकर नई टीम की घोषणा फेसबुक पर कर दी। जिन लोगों को हटाया गया था उनमें जिला उपाध्यक्ष जयदीप चौधरी, प्रशांत तेवतिया, जिला मंत्री विनोद धामा, राजेश त्यागी, जिला कमेटी सदस्य हरवीर सिंह एवं महेश त्यागी शामिल है। इनके स्थान पर नये पदाधिकारी नियुक्त कर दिये गये।

पुरानी कमेटी ही करेगी काम

गाजियाबाद जिले में किसान मोर्चा की कमेटी में बदलाव को किसी प्रकार की मंजूरी नहीं है। पुरानी कमेटी ही पहले की तरह काम करेगी। इस संबंध में जिलाध्यक्ष देवेंद्र चौधरी डायमंड को बता दिया गया है।
-तेजा गुर्जर, क्षेत्रीय अध्यक्ष भाजपा किसान मोर्चा पउप्र

जिला कमेटी में बदलाव जिलाध्यक्ष दिनेश सिंघल की सहमति से किया गया था। बदलाव से पहले हटाये गये पदाधिकारियों को छह माह पूर्व चेतावनी भी दी गई थी। क्षेत्रीय अध्यक्ष के पास मामला जाने पर उन्होंने भी सहमति प्रदान की थी। लेकिन यदि वे इनकार करते हैं तो गलत है। इस मामले में प्रदेश किसान मोर्चा अध्यक्ष कामेश्वर सिंह से भी सहमति प्राप्त कर ली गई है। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा जिलाध्यक्ष सहमत है तो बदलाव कर सकते हैं। अब नयी कमेटी ही काम कर रही है, जिन पदाधिकारियों को हटाया गया है उन्हें पार्टी से निकाला नहीं गया।
-देवेंद्र चौधरी डायमंड

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *