Dainik Athah

निकाय चुनाव में भाजपा को बड़ी जीत हासिल होगी: भूपेंद्र सिंह

भाजपा संगठन के विस्तार और भाजपा सरकार जनता के विकास के लिए काम करती है : भूपेंद्र चौधरी

निर्धारित समय पर होंगे निकाय चुनाव: भूपेंद्र सिंह

संगठन में हो सकता है छोटा फेरबदल: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा संगठन के विस्तार एवं भाजपा सरकार जनता के विकास के लिए काम करती है। उन्होंने कहा निकाय चुनाव समय पर होंगे तथा भाजपा सभी निकायों में जीत हासिल करेगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद भूपेंद्र सिंह चौधरी गुरुवार को पश्चिम की क्षेत्रीय समिति और सभी जिलाध्यक्षों और प्रभारियों के साथ बैठक कर संगठन द्वारा चलाए गए अभियानों की समीक्षा की। प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद भूपेंद्र चौधरी अपनी पहली बैठक का आगाज पश्चिम क्षेत्र के गाजियाबाद से किया।

बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए भूपेंद्र सिंह ने कहा कि नगर निकाय चुनाव समय पर होंगे। सभी पदाधिकारियों को निकाय चुनाव की तैयारियों में जुटने के लिए कहा गया है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश के सभी नगर निगमों, नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों में जीत हासिल करेगी। 2024 के लोकसभा चुनाव के संबंध में उन्होंने कहा कि भाजपा 2019 के लोकसभा चुनाव में पश्चिम से सात सीटें हारी थी। जिनमें से रामपुर को जीत लिया गया। लेकिन सभी हारी सीटों को जीतने की रणनीति बनाई जा रही है।

भाजपा संगठन में बदलाव संबंधी सवाल पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा वे निवर्तमान अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह के शेष बचे कार्यकाल के लिए अध्यक्ष बने हैं। संगठन में जो पद खाली है उन्हें भरा जायेगा। कोई बड़ा बदलाव नहीं होने वाला।

इससे पूर्व हुई बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री योगी की सरकार में भी काम किया है और संगठन के नाते यह पहली बैठक आज मैं ले रहा हूं। उन्होंने संगठन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा एकमात्र ऐसी पार्टी है जो एक साधारण कार्यकर्ता को आगे बढ़ाती है। अन्य पार्टियों पर अगर नजर डाल कर देखें तो उनके यहां वंशवाद का बोलबाला है ’

उन्होंने आवाहन करते हुए कहा कि आने वाले चुनावों के मद्देनजर हमें परिसीमन पर अपनी नजर रखनी चाहिए तथा जनता के लिए सुरक्षा, बिजली, पानी और सड़क के सरकार के कामों की चर्चा सार्वजनिक स्थानों पर होनी चाहिए, क्योंकि हमारी सरकार उत्तर प्रदेश की बेहतरी के लिए कार्य करती है। उन्होंने पूर्व की सरकारों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उनकी सरकारों ने शुगर मिल बेची जबकि हमारी सरकार ने कोरोना जैसी बीमारी में भी शुगर मिलों को बचाने का काम किया और चलाने का काम किया।

उन्होंने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि आज सरकार नगरीय क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों का भी सर्वांगीण विकास कर रही है। उन्होंने कार्यकतार्ओं के मान सम्मान से प्राप्त ताकत के आधार पर विश्वास जताया कि आने वाले चुनाव में भाजपा द्वारा उत्तर प्रदेश में हारी हुई सीटों को जीतने का काम करेंगे। भारती जनता पार्टी हमेशा संगठन के विस्तार और भाजपा की सरकार विकास के लिए कार्य करती है।

बैठक को महामंत्री संगठन धर्मपाल ने भी संबोधित किया उन्होंने कहा की हमें अपने मंडलों को आदर्श और सशक्त बनाना होगा अपनी बूथ समितियों को सक्रिय रखने के लिए संगठन द्वारा चलाए गए कई आयामों की पुनरावृत्ति होती रहनी चाहिए। उन्होंने मन की बात और संगठन द्वारा प्रस्तावित महापुरुषों की जयंती को बूथ पर मनाने पर जोर दिया। चुनाव के मद्देनजर पन्ना प्रमुख की नियुक्ति पर बल देते हुए कहा कि पन्ना प्रमुखों की नियुक्ति प्रॉपर तरीके से होनी चाहिए ’ उन्होंने आगामी 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती जैसे विभिन्न कार्यक्रमों को शक्ति केंद्र पर तैयार कर बूथ तक पहुंचाने का भी आह्वान किया।

बैठक की अध्यक्षता क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल ने तथा संचालन महामंत्री हरीश ठाकुर ने किया। बैठक के उद्घाटन सत्र में महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा ने प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया। मंच पर विधायक एवं प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज सिंह, राज्यसभा सांसद एवं प्रदेश उपाध्यक्ष कांता कर्दम, सुनीता दयाल एवं मंत्री चंद्रमोहन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *