Dainik Athah

भूपेंद्र चौधरी को दिल्ली बुलाया, लगने लगे कयास

अथाह ब्यूरो
नयी दिल्ली।
भाजपा यूपी के नये प्रदेश अध्यक्ष के नाम की घोषणा अगले दो दिन में कर सकती है। प्रदेश के पंचायती राज मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी को दिल्ली बुलाने से उनका नाम एक बार फिर चर्चाओं में आ गया है।

बता दें कि यूपी के नये संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने गाजियाबाद में हुई पश्चिम एवं ब्रज प्रदेश की बैठक से रविवार को अपनी जिम्मेदारी संभाल ली। अब नये प्रदेश अध्यक्ष का इंतजार है। नये प्रदेश अध्यक्ष के संबंध में कयास लगाये जा रहे हैं कि इस बार किसी ब्राह्मण अथवा दलित को यूपी की कमान सौंपी जा सकती है।

फोटो- भूपेंद्र सिंह

हालांकि पिछले दो लोकसभा चुनाव भाजपा ने ब्राह्मण प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में लड़े हैं और जीत हासिल की है। इसी बीच बुधवार को आजमगढ़ जिले के दौरे पर गये पंचायती राज मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी को दिल्ली से बुलावा आया और वे दिल्ली दौड़ लिये। इसके बाद चर्चा तेज हो गई कि चौधरी को प्रदेश अध्यक्ष बनाया जा रहा है।

गाजियाबाद में हुई बैठक में जब उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बयान दिया कि संगठन सरकार से बड़ा होता है तब उनके प्रदेश अध्यक्ष बनने की चर्चा शुरू हो गई। हालांकि पार्टी ने अभी कोई नाम तय नहीं किया है। भूपेंद्र सिंह के दिल्ली दौरे के बाद यह माना जा रहा है कि अगले दो दिन में प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा हो जायेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *