Dainik Athah

दो दिन के दिल्ली दौरे से वापस लखनऊ पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

संगठन महामंत्री बदलाव के साथ ही नये प्रदेश अध्यक्ष पर भी हुई चर्चा

राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से हुई मुख्यमंत्री की मुलाकात

शाम के समय हिंडन से लखनऊ हुए रवाना

अथाह ब्यूरो
नयी दिल्ली।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिन के दिल्ली दौरे के बाद वापस लखनऊ लौट चुके हैं। लेकिन इस बीच उनकी दिल्ली यात्रा के निहितार्थ तलाशे जा रहे हैं। उन्होंने इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी लंबी बैठक की।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को दोपहर दिल्ली पहुंचे थे। हालांकि उनकी यात्रा का बहाना उप राष्ट्रपति के शपथ ग्रहण में समारोह में शामिल होना एवं उनसे मुलाकात करना था। शपथ ग्रहण समारोह में प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल भी शामिल थी। योगी शपथ ग्रहण में शामिल हुए, साथ ही उन्होंने उप राष्टÑपति जगदीप धनखड़ से अलग से मुलाकात भी की। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, जेपी नड्डा भी शामिल थे।

दिल्ली दौरे के दौरान ही मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की। दोनों की बैठक लंबी चली। इस मुलाकात को वैसे तो शिष्टाचार भेंट बताया गया है। लेकिन भाजपा सूत्र बताते हैं कि प्रदेश में संगठन महामंत्री के बदलाव के साथ ही नये प्रदेश अध्यक्ष को लेकर भी दोनों के बीच मंत्रणा हुई है। हालांकि प्रदेश अध्यक्ष के रूप में भाजपा करीब एक दर्जन नामों पर विचार कर रही है। इसमें अनेक जातियों के नेता शामिल है। प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति भी जल्द होनी है। इसके साथ ही दोनों के बीच सरकार एवं संगठन के मुद्दों पर भी बात हुई है।

बता दें कि दो दिन पूर्व ही केशव प्रसाद मौर्य को नेता विधान परिषद बनाया गया है। इस पद से स्वतंत्र देव सिंह को इस्तीफा देना पड़ा था इस कारण भी मुलाकात को अहम माना जा रहा है। नये संगठन महामंत्री की नियुक्ति हो चुकी है तथा प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति होनी है इसके बाद संगठन में बदलाव तथा आगामी निकाय चुनावों के साथ ही 2024 चुनावों को लेकर इस बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

सूत्रों की मानें तो मुख्यमंत्री ऐसा प्रदेश अध्यक्ष चाहते हैं जिससे संगठन एवं सरकार में तालमेल बना रहे। इसके साथ ही दलित प्रदेश अध्यक्ष को लेकर भी चर्चा हुई। भाजपा सूत्र बताते हैं कि नये प्रदेश के नाम की घोषणा जल्द हो सकती है। नाम तय हो चुका है बस ऐलान बाकि है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *