भाजपा जिला- महानगर कार्यालय गाजियाबाद के लिए संगठन ने जीडीए नीलामी मे खरीदा भूखंड

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद में भारतीय जनता पार्टी के जिला एवं महानगर कार्यालय निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। अब भाजपा का यह संयुक्त कार्यालय मधुबन बापूधाम में बनेगा।
बुधवार को गाजियाबाद विकास प्राधिकरण मे हुई नीलामी मे भाजपा के शीर्ष नेतृत्व की मंशानुरूप जिलाध्यक्ष गाजियाबाद चैनपाल चौधरी एवं महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल के निर्देश पर जिला उपाध्यक्ष प्रदीप गोस्वामी ने बोली लगाते हुए प्राधिकरण से 1116 मीटर का भूखंड संख्या- सीसी 2 मधुबन बापूधाम में खरीदा। इसकी कीमत करीब 7.86 करोड़ रुपये है। जिसकी खरीद पर प्रदीप गोस्वामी ने हस्ताक्षर करके कागजात की औपचारिकता पूरी की। उन्होंने यह भी बताया कि जल्द ही भाजपा नेतृत्व की मंशा के अनुरूप इसका भव्य निर्माण कराया जाएगा। इस मौके पर महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल एवं कार्यालय निर्माण समिति के लखनऊ से आये पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि बहुत समय से भाजपा जिला एंव महानगर कार्यालय हेतु भूमि तलाश की जा रही थी। इससे पूर्व भाजपा के कई अध्यक्ष रह चुके हैं, लेकिन वे शीर्ष नेतृत्व की मंशा के अनुरूप अपना कार्यालय गाजियाबाद में नहीं बना सके। मधुबन बापूधाम जिला एवं महानगर दोनों को देखते हुए मध्य में स्थापित होगा।
