2027 में जनता समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने जा जा रही है
अथाह ब्यूरो
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि 2027 में जनता समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने जा जा रही है। अंधभक्तों की जमात भाजपा राजनीतिक पार्टी नहीं गैंग है। भाजपाई समाजवादी पार्टी को बदनाम करने के षड्यंत्र रच रही है। भाजपा की षड्यंत्रकारी चुनौतियों से निपटने के लिए समाजवादी पार्टी तैयार है।
यादव बुधवार को समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय लखनऊ के डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में डिजिटल डेमोक्रेसी डायलॉग कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में लोकतंत्र पर बहुत खतरा है। लोकतंत्र में संवाद आवश्यक है। सामाजिक, सदभाव से ही लोकतंत्र साकार होता है। उन्होंने कहा कि भारत के नागरिकों का जीवन संकट में है। आज की राजनीति में सकारात्मक दिशा पीडीए के रास्ते ही तय हो सकती है। बिना सकारात्मक सोच के कोई भी अभियान सफल नहीं हो सकता है। बिना विचारों के अभियान दिशाहीन और भ्रम का शिकार हो सकता है।
अखिलेश यादव ने कहा कि सोशलिस्ट और सोशल के बीच रिश्ता है। सकारात्मकता से निष्ठा बनती है। वैचारिकी सिद्धांतों और आंदोलनों से देश और समाज की दिशा बदलती रही है। भाजपा सरकारों से जनता में हताशा और निराशा है। सरकार और प्रशासन बेजा इस्तेमाल करके भाजपा समाजवादी पार्टी के सामने चुनौतियां पैदा करना चाहती हैं। समाजवादी पार्टी भाजपा की हर चुनौती का मुकाबला करने को तैयार है। उन्होंने कहा कि भाजपा झूठ और अफवाह को अपनी ताकत मानती है। समाजवादी सबके साथ है। वह झूठ का भरपूर विरोध करते है। समाजवादी साथियों को यह लड़ाई बड़ी मानकर लड़ना चाहिए।
यादव ने सलाह दी है कि हमारे व्यवहार और भाषा में सादगी होनी चाहिए। हमें अनुशासित रहना होगा। किसी को आक्रोशित नहीं करना है। समाजवादी सिद्धांतनिष्ठ पार्टी है वह कभी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं करती है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने लैपटॉप देकर सामाजिक बराबरी पर लाने और युवाओं के जीवन में विकास तथा प्रगति के नए रास्ते खोलने की शुरूआत की थी। भाजपा डिजिटल डिवाइस का इस्तेमाल अपने स्वार्थ के लिए करती है। भाजपा के अपवाह तंत्र का मुकाबला सच से करना हैं भाजपा के कुप्रचार से सावधान रहना है।
