Dainik Athah

समर्पण भाव से देश सेवा कर रहे हैं मोदी : सुनील बंसल

‘मोदी@ 20-ड्रीम्स मीट डिलीवरी’ पुस्तक पर सेमिनार का आयोजन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 20 वर्षों के राजनीतिक जीवन पर आधारित है यह किताब

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समर्पण भाव से देश सेवा का कार्य कर रहे हैं।

भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा के नेतृत्व में साहिबाबाद स्थित एक संस्थांन के सभागार में ‘मोदी@ 20-ड्रीम्स मीट डिलीवरी’ पुस्तक पर सेमिनार का आयोजन किया गया. इस सेमिनार में भाजपा उत्तर प्रदेश के महामंत्री (संगठन)सुनील बंसल ने मुख्य अतिथि के रुप में भाग लिया। उन्होंने सेमिनार में पूरे महानगर से आए प्रबुद्ध लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा की यह पुस्तक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 20 वर्षों के राजनीतिक जीवन पर आधारित है। 5 भागों एवं 21 अध्यायों की इस पुस्तक में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े विषय विशेषज्ञों के लेख हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के राजनीतिक जीवन पर आधारित इस पुस्तक में लेखकों एवं विषय विशेषज्ञों द्वारा प्रधानमंत्री के व्यक्तित्व एवं कार्यशैली एवं उनके राजनीतिक जीवन के पिछले 20 सालों की यात्रा की रूपरेखा प्रस्तुत की है। नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद देश में एक नया वर्क कल्चर आया है। आज दुनिया में भारत का मान, सम्मान एवं स्वाभिमान बढ़ा है। आज भारत आत्मनिर्भर भारत बन रहा है।

समाज के सभी वर्गों को ध्यान में रखते हुए एवं समाज के अन्तिम पंक्ति में खड़े लोगों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। कोविड महामारी में भारत में टीकाकरण का महाअभियान चलाया गया। भारत में 192 करोड़ से अधिक कोविड के टीके लगे। भारत की सांस्कृतिक परम्परा हमेशा से सर्वे भवन्तु: सुखिन: की रही है।

कोविड के दौरान भारत ने इसी भावना से अन्य देशों को भी 20 करोड़ से अधिक कोविड वैक्सीन दी। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजना आयुष्मान भारत योजना चलाई जा रही है। देश डिजिटल भारत की दिशा में तेजी से आगे बढ़ा है। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास एवं सबका प्रयास की भावना पर देश आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जिस समर्पण भाव से देश की सेवा कर रहे हैं, उन्हें आधुनिक भारत का शिल्पकार कहा जा सकता है। इस पुस्तक में विशेषज्ञों ने खुद लिखा है की मोदी ने एक स्वच्छ भारत और स्वस्थ भारत की नींव रखी है। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ जैसे अभियान चला कर महिला सशक्तिकरण को सत्यापित किया है। आज महिलाओं में सुरक्षा का भाव महिला सशक्तिकरण के विशेष प्रयास का परिणाम है।

मंच पर उपस्थित प्रोफेसर ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा की यह पुस्तक भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिछले 20 वर्षों के राजनीतिक जीवन को दशार्ती है, जिसमें गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में उनके कार्यकाल से लेकर भारत के प्रधानमंत्री बनने तक का ब्यौरा शामिल है. यह पुस्तक कोई जीवनी अथवा उपन्यास नहीं है, अपितु देश के जाने-माने बुद्धिजीवियों और विशेषज्ञों द्वारा लिखे गए लेखों का एक संकलन है। मोदी ने अपने जीवन में जो सपने देखें थे, उन्हें उन्होंने पूरा किया। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने आठ सालों में जनता के लिए कई योजनाएं बनाई, जिससे आज देश को फायदा हो रहा है।

मंच पर उपस्थित वरिष्ठ पत्रकार एवं कवि राज कौशिक ने शेर के माध्यम से मोदी पुस्तक पर छपे मोदी की फोटो की प्रसंशा करते हुए पढ़ा उन्होंने पढ़ा कि मैंने भी देखने की हद कर दी, वो भी तस्वीर से निकल आया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में ही ऐसा पहली बार हुआ है कि किसी पार्टी के घोषणापत्र को लोगों ने चुनाव के बाद आश्चर्य के साथ देखा, क्योंकि मोदी के नेतृत्व में भाजपा अपने किए गए सभी वादों को पूरा कर रही है. प्रधानमंत्री मोदी केवल सपने नहीं दिखा रहे, बल्कि वे इन वादों को पूरी भी कर रहे हैं। सेमिनार का संचालन महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा ने किया।

इस मौके पर क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल, महानगर प्रभारी अमित वाल्मीकि, विधायक अतुल गर्ग, सुनील शर्मा, पप्पू पहलवान, गोपाल अग्रवाल, सुशील गौतम, अश्वनी शर्मा, संजय कश्यप, बलदेव राज शर्मा, राकेश त्यागी समेत बड़ी संख्या में अधिवक्ता, डॉक्टर, समाजसेवी, उद्यमी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *