Dainik Athah

अरविंद शर्मा ने नगर निकायों को दिये निर्देश- सुबह पांच बजे से हो सफाई कार्य

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्राथमिकता को लागू करने में जुटे नगर विकास मंत्री

नगर आयुक्त- अधिशासी अधिकारी स्वयं सुबह पांच बजे सड़क पर उतर कर करें निरीक्षण

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने कार्यभार ग्रहण करने के साथ ही नगर निकायों के अधिकारियों के पेंच कसने शुरू कर दिये। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्राथमिकता वाला कार्य ‘सफाई’ पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिये। इसके लिए अधिकारियों को सुबह पांच से आठ बजे तक सड़कों पर सफाई का निरीक्षण करना होगा।

अरविंद कुमार शर्मा ने बुधवार को प्रदेश के सभी नगर आयुक्तों के साथ ही नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक की। बैठक में उनके साथ प्रमुख सचिव नगर विकास एवं राज्य मंत्री भी थे। उन्होंने बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को लागू करने के निर्देश सभी अधिकारियों को दिये। इसके साथ ही निर्देश दिये कि सभी नगर निकायों में सफाई व्यवस्था का काम सुबह छह बजे से शुरू होना चाहिये। जब लोग सोकर उठे तो उन्हें भी सफाई व्यवस्था नगर आनी चाहिये।

इसके साथ ही उन्होंने निर्देश दिये कि कहीं भी कूड़े ढ़ेर नजर नहीं आने चाहिये। यदि कूड़े के ढेर दिखाई देते हैं तो समझा जायेगा कि अधिकारियों का इस तरफ ध्यान नहीं है। उन्होंने कहा कि नगर आयुक्त एवं अधिशासी अधिकारी सुबह पांच से आठ बजे तक खुद सफाई व्यवस्था देखें तथा जीपीएस की फोटो खींचकर शासन को भेजे। इस फोटो में वे स्वयं भी आने चाहिये। इस निर्देश के बाद सुबह आठ बजे उठने वाले अधिकारियों को सुबह पांच बजे सड़कों पर निकलना होगा।

नगर विकास मंत्री ने इसके साथ ही निर्देश दिये कि मोदी- योगी के सपनों को साकार करना है। हर शहर में गरीबों को ढूंढा जाये तथा उन्हें सभी सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जाये। विभाग में किसी भी स्तर पर पैसे की कोई कमी नहीं होगी। लेकिन भ्रष्टाचार करने वालों की खैर नहीं होगी। नगर विकास मंत्री की पहली ही बैठक के बाद नगर विकास विभाग के अधिकारियों के पसीने छूटने लगे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *