Dainik Athah

दुहाई में दो स्थानों पर प्रशासन ने ढ़हाये अवैध अतिक्रमण

अवैध अतिक्रमण करने वालों पर प्रशासन की निगाह टेढ़ी

रैपिड रेल के निर्माण में अवैध अतिक्रमण से हो रहा था अवरोध उत्पन्न

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद।
प्रशासन ने विधानसभा चुनाव संपन्न होने के बाद एवं मंत्रिमंडल गठन से पहले ही सरकारी जमीनों पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी क्रम में एसडीएम विनय कुमार सिंह के निर्देश पर दुहाई में दो स्थानों पर अतिक्रमण हटाये गये।
एसडीएम विनय कुमार सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह के मार्गदर्शन में अवैध रूप से अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि अवैध अतिक्रमण पर प्रभावी कार्यवाही करते हुए दुहाई के कुल दो खसरों पर सरकारी सम्पत्ति से अवैध अतिक्रमण को हटाया गया। अवैध अतिक्रमण टीम का नेतृत्व तहसीलदार गाजियाबाद विजय प्रकाश मिश्र द्वारा किया गया। तथा मौके पर नायब तहसीलदार ओम प्रकाश भी उपस्थित रहे।

विनय कुमार सिंह ने बताया कि दुहाई में सरकारी जमीन पर बनी नाली पर अवैध रूप से अतिक्रमण कर लिया गया था। इस कारण रैपिड रेल प्रोजेक्ट में परेशानी हो रही थी। इसके साथ ही दुहाई से रैपिड रेल डिपो के लिए सड़क का निर्माण हो रहा है। इस रास्ते पर भी अवैध रूप से कब्जा कर पक्का निर्माण कर लिया गया था। इसकी शिकायत आरआरटीएस के अधिकारियों ने की थी। रैपिड रेल निर्माण कार्य की मंडलायुक्त भी प्रति दिन समीक्षा कर रहे हैं। इसके बाद ही तहसीलदार न्यायालय से आदेश होने पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।

एसडीएम सदर विनय सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह के निर्देशन में अवैध अतिक्रमण पर भविष्य में भी इस प्रकार की प्रभावी कार्यवाही निरंतर सुनिश्चित की जाएगी। अवैध रूप से सरकारी जमीनों पर अतिक्रमण करने वालों को बख्शा नहीं जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *