Dainik Athah

अखिल भारतीय सिविल सेवा कैरम प्रतियोगिता

 देबजानी तामूली व रविंद्र गौड़ बनें विजेता

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद।
केन्द्रीय सिविल सेवा सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा बोर्ड, भारत सरकार द्वारा दिल्ली में आयोजित अखिल भारतीय सिविल सेवा कैरम प्रतियोगिता 2021-22 के महिला वर्ग में केंद्रीय सचिवालय दिल्ली की अंतर्राष्ट्रीय कैरम खिलाड़ी देबजानी तामूली और पुरुष वर्ग में आर. एस. बी. हैदराबाद के अंतर्राष्ट्रीय कैरम खिलाड़ी रविंद्र गौड़ विजेता बनें। इन दोनों को दोहरा खिताब हासिल हुआ। एकल के साथ ही टीम चैम्पियनशिप का भी स्वर्ण पदक इन्होंने जीता। विदित रहे की इस राष्ट्रीय कैरम प्रतियोगिता में देश भर के 16 क्षेत्रीय खेल बोर्ड व 17 राज्य सचिवालय के करीब 360 पुरूष व महिला खिलाड़ी भाग लिए थे।

यह जानकारी देते हुए बोर्ड के कैरम संयोजक विजयेंद्र सिंह ने आगे बताया कि इस  प्रतियोगिता के चीफ रेफरी राष्ट्रीय अंपायर कुमार अजय के तकनीकी नेतृत्व में प्रतियोगिता का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के चीफ रेफरी कुमार अजय ने बताया की 5 दिनों में कुल 641 मैच खेले गये। पुरुष व महिला एकल, पुरुष व महिला टीम चैंपियनशिप और वेटेरन पुरुष एकल श्रेणी में प्रतिभागियों ने भाग लिया। कुल 7 व्हाइट व 4 ब्लैक स्लेम लगे |

महिला एकल में केंद्रीय सचिवालय दिल्ली की देबजानी तामूली ने बिहार सचिवालय की खुशबू को 21-22, 25-06, 25-09 से हरा कर लागातार दूसरी बार चैंपियन ख़िताब पर कब्ज़ा किया। जब कि हैदराबाद की विनिता ने मुबंई की प्रीति को सीधे सेटों में 16-13, 25-18 से हरा कर तृतीय स्थान हासिल किया। पुरुष एकल में हैदराबाद के रविंदर गौड़ ने मुंबई के राहुल सोलंकी को सीधे 25-04, 25-12 से शिकस्त देकर चैंपियन बने और कोलकाता के प्रदीप कुमार ने मुंबई के प्रफुल्ल मोरे को 25-08, 09-20, 21-00 से हरा कर तृतीय स्थान हासिल किया।

महिला टीम चैंपियनशिप में 14 सालों के बाद केंद्रीय सचिवालय दिल्ली की टीम ने बेहरतीन खेल का प्रदर्शन करते हुए चैंपियन बनने का गौरव पाया। दूसरे स्थान पर बिहार सचिवालय की टीम रहीं जबकि क्षेत्रीय खेल बोर्ड मुबंई की टीम को तृतीय स्थान से संतोष करना पड़ा।

पुरूष टीम चैंपियनशिप में क्षेत्रीय खेल बोर्ड हैदराबाद की टीम विजेता रहीं, क्षेत्रीय खेल बोर्ड मुबंई की टीम उप-विजेता व तृतीय स्थान पर क्षेत्रीय खेल बोर्ड कानपुर की टीम रहीं। वेटेरन पुरुष एकल में इम्फाल के सुभाष चन्द्र शर्मा ने प्रथम, मुंबई के महेश वालावलकर ने द्धितीय व महाराष्ट्र सचिवालय के राजेश धुमले ने तृतीय स्थान हासिल किया। इस प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि सीसीएससीएसबी के सचिव कुलभूषण मल्होत्रा एवं विशिष्ट अतिथि सीसीएससीएसबी की सेक्शन ऑफिसर अंजना मित्तल थे | सचिव कुलभूषण मल्होत्रा ने सभी खिलाड़ियों की प्रशंसा करते हुए उन सभी को बधाई व शुभकामनायें दी। धन्यवाद ज्ञापन बोर्ड के कैरम संयोजक विजयेंद्र सिंह ने देते हुए सभी का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *