Dainik Athah

यूपी के योगी मंत्रिमंडल के लिए कवायद तेज: बेबी रानी, एके शर्मा, बृजेश पाठक हो सकते हैं नये डिप्टी सीएम

मंत्रिमंडल में बड़ा बदलाव संभव, कई की होगी छुट्टी तो कईयों को मिलेगा मौका

मंत्रिमंडल में पश्चिम, मध्य एवं पूर्वांचल को साधने की कवायद

जिन मंत्रियों का प्रदर्शन खराब रहा उन्हें इस बार नहीं मिलेगा मौका

अथाह ब्यूरो,
लखनऊ।
उत्तर प्रदेश में योगी 2.0 मंत्रिमंडल के गठन की कवायद तेज हो गई। हालांकि मुख्यमंत्री एवं नये मंत्रियों का शपथ ग्रहण कब होगा इसका औपचारिक खुलासा अब तक नहीं हो सका है। लेकिन जो चर्चा है उसके अनुसार होली के बाद 21 मार्च को शपथ ग्रहण हो सकता है। इस बार के मंत्रिमंडल में तीन उप मुख्यमंत्री बनाये जाने की चर्चा भी भाजपा में आम है। तीन उप मुख्यमंत्रियों के जरिये भाजपा पश्चिम, मध्य एवं पूर्वी उत्तर प्रदेश को साधने की कवायद चल रही है।

बता दें कि दिल्ली के दो दिवसीय दौरे के बाद योगी आदित्यनाथ ने मंत्रिमंडल गठन को लेकर पार्टी नेतृत्व के साथ ही पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से सलाह कर ली है। इसके बाद मंत्रिमंडल का एक खाका भी तैयार कर लिया गया है। भाजपा सूत्रों के अनुसार उत्तराखंड के राज्यपाल पद से इस्तीफा दिलवाकर यूपी वापस लाई गई एवं चुनाव में जीत हासिल कर चुकी बेबी रानी मौर्य के साथ ही प्रदेश के कानून मंत्री रहे बृजेश पाठक एवं प्रधानमंत्री कार्यालय से वीआरएस लेकर यूपी में एमएलसी बनने वाले अरविंद कुमार शर्मा को उप मुख्यमंत्री बनाने की चर्चा है। इसके जरिये भाजपा पश्चिम, मध्य एवं पूर्वी उत्तर प्रदेश को साधने का काम करेगी।

भाजपा सूत्रों की मानें तो इस बार खराब प्रदर्शन करने वाले मंत्रियों की छुट्टी होनी तय है। जिन मंत्रियों की छुट्टी होनी है उनके मामले में योगी आदित्यनाथ ने केंद्रीय नेतृत्व के सामने अपनी मंशा स्पष्ट कर दी। इसके साथ ही दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य एवं दिनेश शर्मा के साथ ही डा. महेंद्र सिंह को इस बार 2024 के लोकसभा चुनाव के मद्देनजर संगठन में भेजा जा सकता है। बताते हैं कि मंत्रिमंडल में 50 से 62 के बीच मंत्री बनेंगे। इनमें 25 से 30 कैबिनेट, दस से 12 स्वतंत्र प्रभार के राज्यमंत्री एवं शेष राज्यमंत्री होंगे।

इस बार परिवहन मंत्री अशोक कटारिया को हटाकर गुर्जर समाज से तेजपाल नागर अथवा सहारनपुर जिले से किसी को मंत्री बनाने की चर्चा है। इसके साथ ही कई अन्य मंत्रियों का पत्ता भी कटेगा। जिन नामों को लेकर चर्चा है उनमें सुरेश कुमार खन्ना के साथ सतीश माहाना, जितिन प्रसाद, सूर्य प्रताप शाही, सिद्धार्थनाथ सिंह, नंद गोपाल गुप्ता नंदी, श्रीकांत शर्मा, आशुतोष टंडन गोपाल जी, अनिल राजभर, जय प्रताप सिंह, बिपिन वर्मा, धर्मपाल लोधी, भूपेंद्र चौधरी, रमापति शास्त्री, आशीष पटेल, संजय निषाद, कुंवर ब्रजेश सिंह, अंजुला कोरी, सुरेश पासी, प्रतिभा शुक्ला, राजीव सिंह, अमित अग्रवाल, रविन्द्र जायसवाल, दिनेश खटीक, संदीप सिंह, मोहसिन रजा का असीम अरुण, दयाशंकर सिंह, अदिति सिंह तथा राजेश्वर सिंह को भी मंत्री बनाया जा सकता है। मंत्रियों में गौतमबुद्धनगर जिले की नोएडा सीट से बड़े अंतर से जीत दर्ज करने वाले पंकज सिंह के साथ ही दादरी के तेजपाल नागर का नाम भी शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *