Dainik Athah

ऑपरेशन गंगा: कल 200 छात्रों के साथ भारत लौटेंगे जनरल वीके सिंह

– यूकेन के छात्रों की वतन वापसी का ऑपरेशन गंगा

– सी- 17 ग्लोब मास्टर से सुबह छह बजे पहुंचेंगे हिंडन एयर फोर्स स्टेशन

– जनरल वीके सिंह- छात्रों का होगा भव्य स्वागत

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद।
ऑपरेशन गंगा के तहत यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों की वतन वापसी के बाद केंद्रीय राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह दो सौ छात्रों के साथ सोमवार तड़के गाजियाबाद पहुंचेंगे। गाजियाबाद स्थित वायु सेना के हिंडन एयर फोर्स स्टेशन पर उनके भव्य स्वागत की तैयारियां की जा रही है।

बता दें कि पिछले सप्ताह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देश पर जनरल वीके सिंह समेत चार केंद्रीय मंत्री यूक्रेन सीमा पर स्थित विभिन्न देशों में भेजे गये थे। इसी क्रम में जनरल वीके सिंह को पौलेंड भेजा गया था। जनरल वीके सिंह रविवार शाम तक करीब तीन हजार छात्रों को भारत वापस भेज चुके हैं। आज पोलैंड से भारत के लिए भारतीय वायुसेना के सी 17 ग्लोब मास्टर विमान से रूस-यूक्रेन संघर्ष में प्रभावित हुए भारतीय विद्यार्थियों को लेकर जनरल वीके सिंह भारत के लिये रवाना होंगे। उनके सहयोगी कुलदीप सिंह चौहान ने बताया कि इस विमान से लगभग 200 छात्रों की वतन वापसी हो रही है। उन्होंने बताया कि एक मार्च से अब तक 14 विमानों से लगभग 3000 विद्यार्थियों को पोलैंड से वतन वापस भेजा गया। उन्होंने बताया कि पौलेंड से यह विमान भारतीय समय के अनुसार रात करीब 12 बजे रवाना होगा तथा सोमवार को सुबह छह बजे हिंडन एयरफोर्स स्टेशन गाजियाबाद पहुंचेगा।

गोली लगने घायल हुआ छात्र हरजोत सिंह की भी इसी विमान से वापसी
 कीव में गोली लगने से भारतीय छात्र हरजोत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया था। इस छात्र को भी जनरल वीके सिंह अपने साथ इसी विमान से वापस ला रहे हैं। छात्र की देखभाल के लिए एक भारतीय डॉक्टर भी साथ आ रहे हैं जो रास्ते में उनकी देखभाल करेंगे।

हिंडन एयर फोर्स स्टेशन के बाहर होगा जोरदार स्वागत
भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा ने बताया कि ऑपरेशन गंगा को सफल बनाकर यूक्रेन- पौलेंड सीमा से भारत वापस आ रहे केंद्रीय राज्यमंत्री एवं स्थानीय सांसद जनरल वीके सिंह का गाजियाबाद आगमन पर भव्य स्वागत किया जायेगा। सुबह छह बजे हिंडन एयर फोर्स स्टेशन के बाहर हजारों भाजपा कार्यकर्ता उनके अभिनंदन के लिए मौजूद रहेंगे। उन्होंने कहा कि जनरल वीके सिंह ने गाजियाबाद का मान बढ़ाया है।
——————-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *