Dainik Athah

आपदा में भी अवसर तलाशने की भाजपाई रणनीति, दे रहे यूक्रेन से वापस लौट रहे छात्रों के घरों पर दस्तक

– हाल चाल जानने के साथ ही किया जा रहा स्वागत

– यूक्रेन से लौट रहे परिवारों में इसी बहाने बढ़ रही पैठ

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद।
आपदा को कैसे अवसर में बदला जाये यह किसी को सीखना हो तो भारतीय जनता पार्टी से सीखा जा सकता है। युद्ध ग्रस्त यूक्रेन से भारत वापस लौट रहे छात्रों के घरों पर दस्तक देकर भाजपा इस रणनीति को अंजाम तक पहुंंचा रही है। भाजपा के जिलास्तरीय पदाधिकारियों के साथ ही पार्टी विधायक भी अपने- अपने क्षेत्रों में छात्रों के घरों पर दस्तक दे रहे हैं।

बता दें कि यूक्रेन में फंसे छात्रों को युद्ध क्षेत्र से निकालकर वापस भारत भेजने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देश पर चार केंद्रीय मंत्रियों हरदीप सिंह पुरी, ज्योतिरादित्य सिंधिया, किरण रिजिजू एवं केंद्रीय राज्य मंत्री जनरल वीके सिंंह को यूक्रेन की सीमा पर स्थित चार देशों में भेजा गया था। भारत सरकार एवं इन मंत्रियों के प्रयासों से लगातार छात्रों को मुफ्त में भारत भेजने का क्रम रविवार देर शाम तक भी जारी रहा। अब भाजपा इस मुद्दे को भी भुनाने में लगी हुई है। भाजपा के प्रदेश संगठन ने यूक्रेन से लौट रहे छात्रों की सूची, उनका पता, मोबाइल नंबर समेत जिला संगठनों को भेजी है।

जिला व महानगर अध्यक्षों को सूची भेजकर निर्देश दिये गये हैं कि छात्रों एवं उनके परिवारों के पास जिलाध्यक्ष, विधायक एवं जिलास्तर के पदाधिकारी जायें। छात्र के परिजनों को छात्र के सुरक्षित वापस लौटने पर बधाई भी दी जाये। गाजियाबाद जिले की कुल 96 छात्रों की सूची भेजी गई थी। इस सूची में 15 मोदीनगर, लोनी एवं धौलाना विधानसभा के गाजियाबाद क्षेत्र के हैं। शेष सूची गाजियाबाद महानगर संगठन से संबंधित है। जिलाध्यक्ष दिनेश सिंघल एवं मोदीनगर विधायक डा. मंजू शिवाच ने छात्रों के घरों पर पहुंचना भी शुरू कर दिया है। इसके साथ ही कुछ नाम प्रदेश संगठन ने फोन कर भी नोट करवाये हैं।

महानगर भाजपा संगठन ने भी अपने महामंत्रियों को यह जिम्मेदारी सौंपी है जो छात्रों से मिल रहे हैं। महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा ने कहा कि सोमवार से भी खुद भी छात्र परिवारों के बीच जायेंगे तथा विधायक भी जायेंगे।

भाजपा यूक्रेन के छात्रों के माध्यम से भी पूरे देश में लाभ अर्जित करने की फिराक में है। भाजपा सूत्रों के अनुसार यह निर्देश पार्टी के केंद्रीय कार्यालय से जारी हुए थे। इसके बाद ही प्रदेश संगठनों के माध्यम से जिलों में भेजे गये।

भाजपा के प्रदेश संगठन के निर्देश के तहत मैं स्वयं, मोदीनगर विधायक डा. मंजू शिवाच एवं लोनी में पार्टी के जिला महामंत्री छात्रों के परिवारों में जा रहे हैं। लोनी विधायक अभी क्षेत्र से बाहर है। उनके भी वापस आने के बाद उनकी ड्यूटी भी लगाई जायेगी। छात्र एवं उनके परिवार भारत सरकार- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की सराहना कर रहे हैं।
दिनेश सिंघल, जिलाध्यक्ष भाजपा, जिला गाजियाबाद

प्रदेश संगठन से 96 छात्रों की सूची प्राप्त हुई है। सभी विधायक एवं मैं स्वयं चुनाव प्रचार में अन्य जिलों में लगे थे। लेकिन जिले में मौजूद महामंत्री सुशील गौतम समेत अन्य कार्यकर्ता लगातार छात्रों के घरों पर संपर्क कर रहे हैं। सोमवार से मैं स्वयं सभी विधायक भी छात्रों के घरों पर जायेंगे।
संजीव शर्मा, महानगर अध्यक्ष भाजपा, गाजियाबाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *