Dainik Athah

… और जब हवाई जहाज में लगे भारत माता की जय के नारे, लहराये तिरंगे

पौलेंड से दूसरे दिन भारत के लिए रवाना हुए 645 छात्र

केंंद्रीय राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह जमाये हैं पौलेंड में डेरा

छात्रों के साथ वार्ता कर उन्हें किया संतुष्ट, पौलेंड- यूक्रेन सीमा पर अब भी छह सौ से ज्यादा छात्र

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद।
यह देखना एवं सुनना दिल को छू गया जब पौलेंड से भारत के लिए रवाना होने वाले हवाई जहाज में छात्रों ने हाथों में भारत का राष्ट्रध्वज तिरंगा लेकर भारत माता की जय के नारे लगाये।

बता दें कि पिछले दो दिन से पौलेंड- यूक्रेन की सीमा पर केंद्रीय राज्यमंत्री एवं गाजियाबाद के सांसद जनरल वीके सिंह डेरा डाले हुए हैं। वे लगातार छात्रों को पौलेंड की सीमा में लाकर उन्हें अपने देश भारत के लिए रवाना कर रहे हैं। बृहस्पतिवार को तीन उड़ानों के जरिये उन्होंने 645 छात्रों को भारत के लिए रवाना किया। इस दौरान हताश, निराश, घबराये, भूख से बिलबिलाये, आंखों में नींद की खुमार लिए थके हुए छात्र भारत सरकार एवं केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह के प्रयास से पौलेंड सीमा में दाखिल होते हैं तो जनरल वीके सिंह भारतीय राजदूत नगमा के साथ सबसे छात्रों को भोजन के पैकेट एवं पानी की बोतलें अपने हाथों से देते हैं।

इसके बाद वे छात्रों के पास जाकर उनका हालचाल पूछने के साथ ही उनका हर डर दूर करने का प्रयास करते हैं। छात्रों को सामान्य बनाने के लिए वे उनके साथ थोड़ा हंसी मजाक भी करते हैं। इसके साथ ही भारत सरकार एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उनकी वतन वापसी के लिए किये जा रहे प्रयासों की जानकारी देते हैं।

इतना ही नहीं जनरल वीके सिंह छात्रों को आश्वस्त करते हैं कि भारत में उनका भविष्य उज्जवल रहेगा, किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। इस दौरान उनके सहयोगी कुलदीप सिंह चौहान साये की तरह उनके साथ रहते हैं।

बृहस्पतिवार को जब छात्रों को हवाई जहाज से विदा करने के लिए जनरल वीके सिंह खुद जहाज में जा रहे हैं तथा उनकी सुखद यात्रा एवं भविष्य की शुभकामना भी दे रहे हैं। हवाई जहाज में सवार छात्र जब हाथों में भारत का राष्ट्रध्वज तिरंगा लिये हुए रहते हैं तो उनकी हिम्मत स्वत: ही बढ़ जाती है। इसी दौरान जनरल वीके सिंह जब भी भारत माता की जय बोलते हैं तब छात्र भी पूरे उत्साह के साथ भारत माता की जय के नारे लगाते हैं। इस दौरान भारत की पौलेंड में राजदूत नगमा भी उनके साथ पूरे समय रहती है। उन्होंने नगमा का उत्साह बढ़ाने के लिए भी छात्रों से उनके लिए तालियां बजवाई।

जनरल वीके सिंह के सहयोगी कुलदीप सिंह चौहान बताते हैं अब भी पौलेंड- यूक्रेन सीमा पर छह सौ से अधिक छात्र मौजूद है। इनकी संख्या बढ़ भी सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *