Dainik Athah

पीएनबी बैंक के लॉकर से 70 लाख के जेवर चोरी

सिहानी गेट थाने में बैंक कर्मियों पर मुकदमा दर्ज, जांच में जुटी पुलिस

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद।
नेहरूनगर स्थित पंजाब नेशनल बैंक के लॉकर से आईटी प्रोफेशनल की पत्नी के करीब 70 लाख रुपए के जेवर चोरी होने का मामला सामने आया है। 28 फरवरी को गोदरेज कंपनी और बैंक के कर्मचारियों तथा खाताधारक महिला की मौजूदगी में लॉकर को तुड़वाया तो घटना का पता चला। सिहानी गेट पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। 

सिहानी गेट थाना क्षेत्र के अशोक नगर में प्रियंका गुप्ता परिवार के साथ रहती हैं। उनके पति समीर गुप्ता आईटी प्रोफेशनल हैं। प्रियंका गुप्ता ने बताया कि पंजाब नेशनल बैंक की नेहरू नगर शाखा में उनका खाता है। साथ ही करीब 20 वर्षों ने बैंक में उन्होंने लॉकर भी ले रखा है। लॉकर का किराया भी उनके बैंक खाते से कटता है। नवंबर 2019 में उन्होंने आखिरी बार लॉकर का इस्तेमाल किया था। इसके बाद कोरोना काल शुरू होने के चलते वह न तो बैंक गईं और न ही लॉकर का इस्तेमाल किया। उन्होंने बताया कि अक्टूबर 2021 में वह अपने लॉकर को खोलने गईं तो चाबी नहीं लगी।

बैंक प्रबंधक और लॉकर इंचार्ज से शिकायत करने पर समस्या का जल्द समाधान करने का आश्वासन दिया गया। दिसंबर 2021 और 25 फरवरी 2022 को बैंक जाने पर भी अधिकारियों ने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। अधिकारियों ने 28 फरवरी को गोदरेज कंपनी के कर्मचारी बुलाने के लिए कहा। 28 फरवरी को गोदरेज कंपनी के कर्मचारियों ने लॉकर खोलने की कोशिश की, लेकिन कामयाबी नहीं मिली, जिसके बाद लॉकर को तोड़ने का फैसला लिया गया। लॉकर खोलने पर उसमें रखे 70 लाख रुपए के जेवर गायब थे। आरोप है कि बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत से आभूषण चोरी हुए हैं। 

क्षेत्राधिकारी द्वितीय आलोक दुबे का कहना है कि पीड़िता की तहरीर पर मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। रिपोर्ट में वर्ष 2019 से लेकर अब तक के बैंक अधिकारियों व कर्मचारियों को आरोपी बनाया गया है। पूरे मामले की गंभीरता से जांच पड़ताल कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है, जो तथ्य सामने आएंगे। उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *