Dainik Athah

मिसाइल बनाने का वादा करने वालों ने आज तक एक माचिस भी नहीं बनाई- अखिलेश

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर और महाराजगंज में कई जनसभाओं को सम्बोधित करते हुए समाजवादी पार्टी और गठबंधन के सहयोगी दलों के प्रत्याशियों को विधानसभा चुनावों में भारी मतों से जिताने की पुरजोर अपील की। उन्होंने कहा भाजपा सरकार ने महंगाई, बेरोजगारी और जनता की परेशानी बढ़ाई है। भाजपा झूठ बोलने वाली और नफरत फैलाने वाली पार्टी है। भाजपा शासन में विकास कभी नहीं हो सकता है।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के नेता झूठ बोलते हैं। जनता को झूठे सपने दिखाएं लेकिन काम कुछ नहीं किया। मिसाइल बनाने का वादा करने वालों ने आज तक एक माचिस भी नहीं बनाई है। शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं चौपट हो गई। नौजवानों की नौकरियां छिन गई। किसान बर्बाद हुआ है। किसानों की फसलों की लूट हुई है। गौशालाओं में हजारों करोड़ के बजट की लूट हो गई। भाजपा सरकार में गौशालाओं के लिए भूसे के नाम पर भ्रष्टाचार हुआ है।

 यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में विकास का काम होता है, और नौजवानों को नौकरी रोजगार दिया जाता है। भाजपा के लोग गर्मी निकालने की बात करते है। हमारा वादा है कि सपा सरकार में नौकरियां निकालेंगे। प्रदेश में सरकारी विभागों में 11 लाख पद खाली हैं। हम भर्ती निकालकर नौजवानों को नौकरी देंगे। आईटी के क्षेत्र को बढ़ाएंगे। 22 लाख नौकरी और रोजगार का सृजन करेंगे। पुलिस विभाग में भर्ती निकालकर नौजवानों को वर्दी पहनाएंगे।

यादव ने कहा कि तीन काले कानून लाकर भाजपा सरकार ने किसानों को तबाह करने की साजिश रची। किसानों ने तीन काले कानूनों के खिलाफ आंदोलन किया। आंदोलन में 700 किसान शहीद हुए। भाजपा सरकार और उनके लोगों ने किसानों के साथ जो दुर्व्यवहार किया है उसके लिए किसान और नौजवान भाजपा को कभी माफ नहीं करेगा।

अखिलेश यादव ने कहा कि विधानसभा चुनाव में पहले चरण से लेकर आखिरी चरण तक जनता ने भाजपा का सफाया करना तय कर लिया है। जनता अभूतपूर्व बदलाव करने जा रही है। इसीलिए भाजपा नेताओं की भाषा बदल गई है। इनसे सावधान रहना है। झूठ बोलना और झूठे वादे करना, जनता को धोखा देना यही इनका काम है। यादव ने कहा कि भाजपा ने किसानों, नौजवानों, व्यापारियों, छात्रों से जो वादे किए थे उसे पूरे नहीं किए। ना किसानों की आय दुगनी हुई, ना नौजवानों को नौकरी मिली, ना छात्रों को लैपटॉप मिला। भाजपा के छोटे नेता छोटा झूठ बोलते हैं, बड़े नेता बड़ा झूठ बोलते हैं, और सबसे बड़े नेता सफेद झूठ बोलते हैं। आज डीजल, पेट्रोल, रसोई गैस, सरसों का तेल सब कुछ महंगा हो गया है।

यादव ने कहा कि कोरोनाकाल में भाजपा सरकार की लापरवाही से बड़ी संख्या में लोगों की जानें गई। अगर लोगों को ऑक्सीजन, दवा और बेड मिल गया होता तो काफी लोगों की जानें बच जाती। किसानों की फसल छुट्टा जानवर और सांड बर्बाद कर रहे हैं। इस सब की जिम्मेदार भाजपा सरकार है। यादव ने कहा कि सपा सरकार बनने पर गरीबों को 5 साल तक राशन देंगे। 300 यूनिट घरेलू बिजली मुफ्त होगी। किसानों की सिंचाई पूरी तरह से मुफ्त होगी। जातीय जनगणना करा कर सभी को उनकी जनसंख्या के अनुपात में हक और सम्मान दिया जाएगा। कानून व्यवस्था तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होगी। किसी के साथ अन्याय नहीं होगा। हर वर्ग को न्याय और सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता होगी।

   स्वामी प्रसाद मौर्य ने अपने भाषण में श्री अखिलेश यादव का अगला मुख्यमंत्री बताते हुए कहा कि प्रदेश में परिवर्तन का तूफान चल रहा है। भाजपा का सूपड़ा साफ हो रहा है। भाजपा के लोग ढोंगी है। उनका चरित्र दोहरा है। भाजपा ने सबका साथ सबका विकास का नारा देकर सबका विनाश किया। किसानों ने इनका साथ दिया तो उन्हें बर्बाद कर दिया। अखिलेश यादव ने कहा कि जनता ने फैसला ले लिया है कि बाबा को मठ में भेज देंगे। भाजपा के लोग हमारे और आपके बीच खाई पैदा करते है। यह वही लोग हैं जो मलाई खा रहे हैं। समाजवादी सरकार बनने पर सबसे पहले जातीय जनगणना कराकर सबको आबादी के हिसाब से हक़ और सम्मान देने का काम करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *