Dainik Athah

भाजपा को लोहे के चने चबाने पड़ जायेंगे: अखिलेश यादव

जनता का सपा के प्रति समर्थन बता रहा है कि

2022 में गठबंधन के पक्ष में ऐतिहासिक परिणाम आने वाला है

सपा सरकार बनने पर लोक निर्माण विभाग के घोटालों की जांच होगी

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को प्रयागराज, चित्रकूट और कौशाम्बी में चुनावी जनसभाओं में कहा कि जनता का समाजवादी पार्टी के प्रति समर्थन बता रहा है कि भाजपा को लोहे के चने चबाने पड़ जाएंगे। जितना समर्थन मिलता दिखाई दे रहा है मैं यह कह सकता हूं कि 2022 में समाजवादी पार्टी की सरकार आ रही है।

गठबंधन के पक्ष में ऐतिहासिक परिणाम आने वाला है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने जितने दावे किए सब झूठे निकले हैं। किसान की आय दुगनी कहां हुई? किसान को खाद नहीं मिली। पेट्रोल-डीजल, खाद, रसोई गैस सब महंगी हो गई। भाजपा सरकार में किसानों को कुचलकर मार दिया गया। तीन काले कानूनों को लाकर फसल और जमीन छीनने की साजिश रची गई। शिक्षा व्यवस्था चौपट हो गई। जनता महंगाई से त्रस्त है। कानून व्यवस्था चौपट है। भाजपा ने देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था बर्बाद कर दी है। भाजपा ने गौशालाओं के नाम पर भ्रष्टाचार और लूट की है। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर लोक निर्माण विभाग के घोटालों की जांच होगी।

यादव ने कहा कि कोरोना संकट काल में मजदूर साथी पैदल चलकर आए थे। भाजपा सरकार ने उनकी कोई मदद नहीं की। बीमारी में बड़ी संख्या में मौतें हुई। न दवाई मिली न आक्सीजन, अस्पतालों में बेड तक नहीं मिले। उन्होंने कहा भाजपा ने बड़े-बड़े विज्ञापन लगाए हैं कि 70 लाख नौजवानों को नौकरी दे दी। जमीन में कहीं कुछ नहीं है। बाबा कहते हैं गर्मी निकाल देंगे अब जब बुजुर्ग, माताएं, बहनें जब वोट करेंगी, इनकी भाप निकाल देंगी।

अखिलेश यादव ने कहा कि शिक्षामित्रों को समाजवादी सरकार में नौकरी मिली थी लेकिन वे भाजपा के झांसे में फंस गए। लगभग पांच सौ शिक्षामित्रों की जानें चली गई। किसी ने मदद नहीं की। सरकार बनने पर समाजवादी पार्टी मदद करेगी। पुलिस और फौज में भर्ती की जाएगी। ट्राइबल लोगों को सामाजिक आर्थिक लाभ देंगे। उनकों समाजवादी पेंशन से जोडेंगे। 100 नम्बर को 112 करके कबाड़ा कर दिया। समाजवादी सरकार में 100 नम्बर में गाड़ियां दुगनी करेंगे। 69 हजार शिक्षक भर्ती में हुए घोटाले में न्याय दिया जाएगा। महिला शिक्षकों को उनके गृह जनपद में पोस्टिंग दी जाएगी। महिलाओं को सरकारी नौकरी में 33 फीसदी आरक्षण मिलेगा सरकारी विभागों में 11 लाख पद रिक्त है। इन सभी पदों पर भर्ती होगी। शिक्षामित्रों को नियमित अध्यापक बनाया जाएगा।

अखिलेश यादव ने कहा कि अभी एक उद्योगपति 28 बैंकों का हजारों करोड़ रुपया लेकर भाग गया। गरीब अगर पैसा न दे पाए तो बैंक उसे परेशान करते है लेकिन लगातार लोग पैसा लेकर भाग रहे हैं। ये सब कहां के है? समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर 15 दिन में गन्ना किसानों का भुगतान किया जाएग। इसके लिए फार्मर रिवाल्विंग फण्ड बनाया जाएगा। समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर संविदा में किसी भी विभाग में कर्मचारी हो उनको रेगुलर किया जाएगा। समाजवादी पार्टी की सरकार में पुरानी पेंशन बहाल की जाएगी।

सपा प्रमुख ने कहा कि प्रदेश में समाजवादी गठबंधन के पक्ष में लहर चल रही है। भाजपा में घबड़ाहट साफ दिख रही है। भाजपा ने झूठे सपने दिखाए। विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक परिणाम आएगा। गरीब, किसान, नौजवान, व्यापारी भाजपा सरकार का सफाया करने को तैयार है। जनता भाजपा सरकार को माफ नहीं करेगी। वह स्वयं चुनाव लड़ रही है। इस बार जनता भाजपा को साफ कर देगी। किसान और जवान भाजपा सरकार में अपने अपमान को नहीं भूलें हैं। अब गठबंधन सरकार बनना तय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *