Dainik Athah

राम जन्म भूमि पूजन दिवस पर भगवा में रंगा गाजियाबाद

श्री राम का भव्य मंदिर आस्था के साथ-साथ भारतीय संस्कृति का प्रतीक: वीके सिंह

पुराने शहर में जनरल वीके सिंह, अतुल गर्ग- संजीव शर्मा पर हुई फूलों की बरसात

अथाह संवाददाता
अयोध्या में राम जन्म भूमि पूजन के दौरान गाजियाबाद शहर पूरी तरह से भगवा रंग में रंगा नजर आया। केंद्रीय राज्यमंत्री एवं स्थानीय सांसद जनरल वीके सिंह, प्रदेश के स्वास्थ्य राज्यमंत्री अतुल गर्ग एवं महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा जब बाजारों के बीच से निकले तो उनके ऊपर फूलों की बरसात की गई। इसके साथ ही आतिशबाजी की गई एवं जगह जगह प्रसाद का वितरण किया गया। इस मौके पर जनरल वीके सिंह ने कहा श्री राम का भव्य मंदिर आस्था के साथ ही भारतीय संस्कृति का प्रतीक है।
बुधवार को केंद्रीय राज्य मंत्री जनरल वीके सिंह, प्रदेश के राज्य मंत्री अतुल गर्ग एवं भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा ने सबसे पहले नवयुग मार्किट में महानगर मंत्री दिवाकर सिंघल के कार्यालय पर राम दरबार का पूजन किया। इसके बाद उन्होंने भगवान राम के मंदिर की पेंटिंग का अवलोकन किया। यहां से सभी पैदल ही चौपला स्थित हनुमान मंदिर के लिए पैदल चले।

व्यापारियों ने किया जोरदार स्वागत
सिहानी गेट व्यापार मंडल ने अनुराग गर्ग के नेतृत्व में वीके सिंह, अतुल गर्ग एवं संजीव शर्मा का जोरदार स्वागत किया। इस दौरान उनके ऊपर फूलों की बरसात की गई। साथ ही जगह- जगह उनसे राम दरबार की पूजा करवार्द गई। तीनों नेताओं ने चौपला स्थित हनुमान मंदिर जाकर पूजा अर्चना कर अयोध्या में श्री राम मंदिर निर्माण शिलान्यास के लिए लोगों को बधाई दी। इस दौरान हनुमान जी को चौला चढ़ाया गया। बाद में अनाज मंडी पर आतिशबाजी की गई एवं घंटाघर पर भी सभी का पप्पू लाहौरिया, अनिल सांवरिया, वेद प्रकाश गर्ग के नेतृत्व में व्यापारियों ने स्वागत किया।

पूरे रास्ते बिछा था रेड कारपेट
व्यापारियों ने जनरल के स्वागत के लिए पूरे रास्ते में रेड कारपेट बिछाया हुआ था। रेड कारपेट पर चलकर ही वे चौपला मंदिर तक पहुंचे।


पूजा अर्चना के बाद जनरल वीके सिंह ने बधाई देते हुए कहा कि लगभग 492 वर्षो के अथक प्रयास और संघर्ष व अनेकों बलिदान के बाद आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्री राम के भव्य मंदिर निर्माण की आधारशिला को स्थापित किया है। आज का यह दिन उन सभी करोड़ों राम भक्तों के लिए खुशी का दिन है जिनकी आस्था इस भव्य मंदिर निर्माण से जुड़ी रही। यह मंदिर केवल आस्था नहीं बल्कि अब नए भारत की संस्कृति और सभ्यता का प्रतीक भी बनेगा। आज श्री राम की नगरी में रामकथा का नया अध्याय प्रारंभ हुआ है। इस अवसर पर उन्होंने पूरे विश्व में सभी राम को मानने वाले लोगों को बधाई दी।

उत्तर प्रदेश के राज्य मंत्री अतुल गर्ग ने अपने बधाई संदेश में राम मंदिर आंदोलन या गाजियाबाद की भूमिका का जिक्र करते हुए उन सभी लोगों को भी याद किया जो राम मंदिर निर्माण के आंदोलन से जुड़े रहे लेकिन आज हमारे बीच नहीं हैं। उन्होंने कहा कि श्री राम का जीवन हमें संघर्ष साहस और संयम का संदेश देता है।

भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि श्री राम का भव्य मंदिर के निर्माण के साथ-साथ अब देश रामराज्य परिकल्पना को स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ गया है। इसके लिए हमें अपने अंदर परिवर्तन ला कर वैमनस्य एवं बुराइयों को खत्म कर देश के विकास के लिए काम करने चाहिए। उन्होंने इस अवसर पर सभी को बधाई दी। इस अवसर पर स्थानीय पार्षद राजीव शर्मा, महामंत्री पप्पू पहलवान, सुशील गौतम, राजेश त्यागी, अश्वनी शर्मा, नीरज गोयल समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *