Dainik Athah

लोकतंत्र का महापर्व आज, जमकर करें मतदान…….

पउप्र के 11 जिलों की 58 सीटों के लिए आज मतदान

गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, मेरठ, बुलंदशहर, बागपत, शामली, मुजफ्फरनगर, हापुड़, मथुरा, आगरा, अलीगढ़ में 623 उम्मीदवारों के भाग्य का होगा फैसला

कहीं भाजपा का मुकाबला सपा- रालोद गठबंधन से तो कहीं पर बसपा से

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद।
लोकतंत्र का महापर्व आज है। उत्तर प्रदेश विधानसभा के लिए पहले चरण में बृहस्पतिवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 11 जिलों की 58 सीटों पर मतदान होगा। यहां के मतदाता अपने- अपने क्षेत्रों के कुल 623 मतदाताओं के भाग्य का फैसला करेंगे, वह भी ईवीएम का बटन दबाकर। पहले चरण के लिए भाजपा के साथ ही सपा- रालोद गठबंधन ने जहां जमकर शब्दों के तीर चलाये हैं, वहीं दूसरी तरफ बसपा सुप्रीमो मायावती ने मंडलीय रैलियां कर अपने मतदाताओं में जोश भरने का काम किया है। गाजियाबाद जिले में पांच सीटों पर 52 प्रत्याशी मैदान में है।

मोदीनगर
मोदीनगर में 331211 मतदाता सात प्रत्याशियों के भाग्य का निर्णय करेंगे। यहां पर मुख्य मुकाबला भाजपा प्रत्याशी एवं वर्तमान विधायक डा. मंजू शिवाच का सपा- रालोद गठबंधन के प्रत्याशी सुदेश शर्मा से है। इस सीट पर मतदान के पहले दिन आरोप- प्रत्यारोप का दौर चला है। एक फर्जी आॅडियो क्लीप ने तूफान मचा दिया। इस मामले में एफआईआर भी दर्ज करवाई गई है। यहां पर बसपा की प्रत्याशी डा. पूनम गर्ग एवं आप प्रत्याशी हरेंद्र शर्मा भी पूरे जोर शोर से मैदान में है। पुलिस व प्रशासन इस क्षेत्र पर विशेष नजर जमाये हुए हैं।

मुरादनगर
मुरादनगर विधानसीट पर 456745 मतदाता दस उम्मीदवारों के भाग्य को आज ईवीएम में बंद कर देंगे। इस सीट पर भाजपा के वर्तमान विधायक एवं प्रत्याशी अजीत पाल त्यागी का मुकाबला मुख्य रूप से सपा- रालोद गठबंधन प्रत्याशी सुरेंद्र कुमार मुन्नी से है। अजीत पाल त्यागी के पिता राजपाल त्यागी इसी क्षेत्र से छह बार विधायक रह चुके हैं तथा अजीत पाल वर्तमान में विधायक है। वहीं, सुरेंद्र कुमार मुन्नी गाजियाबाद विधानसभा से तीन बार विधायक रह चुके हैं। इस सीट पर बसपा एवं आप के प्रत्याशी भी मैदान में है। ये दोनों भी पूरी ताकत लगा रहे हैं।

लोनी
लोनी विधानसभा सीट इस समय जिले ही नहीं प्रदेश की सबसे हॉट सीट मानी जा रही है। लोनी में 512752 मतदाता दस प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। इस सीट पर भाजपा से वर्तमान विधायक नंद किशोर गुर्जर मैदान में है जो अपने विवादित बयानों के कारण चर्चा में रहते हैं। उनके सामने मुख्य मुकाबले में रालोद- सपा गठबंधन से पूर्व की खेकड़ा विधानसभा से चार बार के विधायक मदन भैया मैदान में है। इसके साथ ही भाजपा की बागी एवं लोनी नगर पालिका चेयरमैन रंजीता धामा मैदान में है। ंरजीता धामा ने पंचायत एवं रोड शो के जरिये अपनी ताकत का प्रदर्शन भी किया है। प्रशासन एवं पुलिस का पूरा ध्यान इस क्षेत्र पर है।

साहिबाबाद
साहिबाबाद विधानसभा भाजपा का गढ़ मानी जाती है। यहां पर भाजपा के वर्तमान विधायक सुनील कुमार शर्मा का मुकाबला सपा- रालोद गठबंधन के अमरपाल शर्मा से है। यहां पर 1020386 मतदाता 11 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। सुनील शर्मा दो बार विधायक रह चुके हैं, जबकि अमरपाल शर्मा एक बार विधायक रहे हैं। यहां पर कांग्रेस प्रत्याशी संगीता त्यागी भी मैदान में है। इसके साथ ही आप एवं बसपा के प्रत्याशी भी मैदान में है।

गाजियाबाद शहर
गाजियाबाद शहर सीट पर 472771 मतदाता 14 प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में बंद कर देंगे। इस सीट पर प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री अतुल गर्ग मैदान में है। इसके साथ ही कांगे्रस से पूर्व सांसद स्व. सुरेंद्र प्रकाश गोयल के पुत्र सुशांत गोयल, बसपा से भाजपा के बागी केके शुक्ला उन्हें कड़ी टक्कर दे रहे हैं। इतना ही नहीं भाजपा के तीन अन्य बागी भी इस सीट पर मैदान में है। इस सीट पर सभी की नजरें टिकी हुई है। भाजपा अपने मतदाताओं को कितना सहेज पाती है इसके ऊपर सभी की नजर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *