Dainik Athah

कल से आठ तक भाजपा-रालोद के स्टार प्रचारकों का गाजियाबाद जिले में धावा

छह को सांसद मनोज तिवारी मुरादनगर विधानसभा में, सात को मनोज तिवारी का कार्यक्रम गाजियाबाद शहर में

आठ को गोरखपुर सांसद रवि किशन विजयनगर- प्रताप विहार में करेंगे जन संपर्क

आठ को ही उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मोर्य खोड़ा कालोनी में करेंगे जनसभा

राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी आठ फरवरी को मुरादनगर विधानसभा क्षेत्र में जनसभा को करेंगे संबोधित

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद।
अब जबकि पहले चरण के चुनाव प्रचार में तीन दिन से भी कम समय बचा है ऐसे में भाजपा ने अंतिम समय में पूरी ताक झौंक दी है। इसके साथ ही रालोद भी पूरी ताकत लगा रहा है। भाजपा अगले तीन दिन में जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों में अपने स्टार प्रचारकों के कार्यक्रम कर रही है। वहीं, रालोद मुखिया जयंत चौधरी भी मुरादनगर विधानसभा में आ रहे हैं।

भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा ने बताया कि भाजपा के स्टार प्रचारक एवं दिल्ली से सांसद मनोज तिवारी रविवार को दोपहर 12 बजे मुरादनगर विधानसभा क्षेत्र के संजयनगर सेक्टर 23 में सभा को संबोधित करेंगे। मनोज तिवारी पूर्वांचल एवं बिहार के लोगों में काफी लोक प्रिय है। इसके साथ ही मनोज तिवारी सात फरवरी को विजयनगर बाईपास पर रहेंगे तथा सभा को संबोधित करेंगे। आठ फरवरी को गोरखपुर से सांसद एवं पूर्वांचल के लोकप्रिय सितारे रवि किशन विजयनगर एवं प्रताप विहार में जन संपर्क करेंगे।

संजीव शर्मा ने बताया कि प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य आठ फरवरी को साहिबाबाद विधानसभा की खोड़ा कालोनी में दोपहर तीन बजे जनसभा को संबोधित करेंगे।

राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी आठ फरवरी को मुरादनगर विधानसभा क्षेत्र में पार्टी प्रत्याशी सुरेंद्र कुमार मुन्नी के समर्थन में सदरपुर (गोविंदपुरम) स्थित चौधरी चरण सिंह स्टेडियम में जनसभा को संबोधित करेंगे।

इन कार्यक्रमों के साथ ही सभी दलों का प्रयास है कि चुनाव प्रचार के अंतिम समय में अधिक से अधिक स्टार प्रचारक जिले में आयें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *