Dainik Athah

सपा गुंडों, माफियाओं और दंगाइयों को संरक्षण देने वाली पार्टीः केशव मौर्य

भाजपा शासनकाल में अपराधी या तो जेल में रहे या बिलों में छिपे रहेः केशव मौर्य

करहल से एसपी सिंह बघेल भारी मतों से जीतेंगे, अखिलेश की हार सुनिश्चितः केशव मौर्य


सपा की सत्ता में कभी वापसी नहीं हो पाएगी, जनता उन्हें समझ चुकी हैः उपमुख्यमंत्री

अथाह ब्यूरो
लखनऊ। सपा गुंडों, माफियाओं और दंगाइयों को संरक्षण देने वाली पार्टी है। उनकी सूची से ही पता चलता है कि चाहे कुछ भी हो जाए, वे अपराधियों के साथ हैं। सपा के शासन में अपराधियों को सत्ता का संरक्षण प्राप्त था। जमीनों पर कब्जा करना इनका प्रमुख व्यवसाय था। जब भाजपा सत्ता में आई तो कानून व्यवस्था चुनौती की तरह खड़ी थी। हमने इन अपराधियों के मन में कानून का डर बैठाया। अपराधी या तो जेल में रहे या बिलों में छिपे रहे। करहल से भाजपा प्रत्याशी एसपी सिंह बघेल भारी मतों से चुनाव जीतने जा रहे हैं। सपा मुखिया अखिलेश यादव की हार सुनिश्चित है। 
ये बातें उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मैनपुरी में प्रभावी मतदाता संवाद के दौरान कहीं।

उन्होंने कहा कि सपा के कार्यकाल में 700 दंगे हुए थे, जबकि भाजपा की पांच साल की सरकार में यूपी में एक भी दंगा हुआ। सरकार ने अपनी प्राथमिकता में सबसे ऊपर कानून व्यवस्था को रखा। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सपा की सत्ता में कभी वापसी नहीं हो पाएगी। जनता उन्हें समझ चुकी है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने कैराना से लोगों को पलायन करने के लिए मजबूर किया था, उनको सपा गठबंधन ने अपना प्रत्याशी बना दिया है।

.उन्होंने कहा कि जनता ने सपा की साइकिल की हवा निकाल दी है। लोगों ने उनके गठबंधन के नकार दिया है। बसपा का कहीं अता-पता नहीं है। वहीं भाजपा के साथ सभी वर्ग के लोग हैं। भाजपा ने सबका साथ, सबका विकास के नारे को हकीकत में बदला है।  डिप्टी सीएम ने अपील की कि जनता प्रदेश में 300 से अधिक सीटें जिताएगी और भाजपा की सरकार एकबार फिर से बनेगी। भाजपा को समाज के सभी वर्गों का समर्थन है, वहीं सपा को गुंडे, अपराधियों और माफियाओं का भरोसा है। डिप्टी सीएम ने कहा कि इस बार के गठबंधन का हाल भी पुराने गठबंधनों की तरह ही होगा। 10 मार्च को गठबंधन की हवा निकल जाएगी। अखिलेश यादव गठबंधन सहित 50 सीटें भी नहीं जीत पाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *