Dainik Athah

मुरादनगर में प्रभावी मतदाता संवाद कार्यक्रम को सीएम योगी ने किया संबोधित

डबल इंजन सरकार ने यूपी में दिया सुरक्षा का माहौल- योगी

जिनके राज में बिजली नहीं आती, वह फ्री बिजली देने की कर रहे हैं बात- योगी

अथाह संवाददाता,
गाजियाबाद।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले पांच साल में डबल इंजन सरकार ने उत्तर प्रदेश में लोगों को सुरक्षा का माहौल दिया है। पिछले पांच सालों में कोई भी दंगा नहीं हुआ, बल्कि दंगाइयों को ठिकाने लगाया गया।

योगी आदित्यनाथ ने यह बात शनिवार को मुरादनगर के केएन इंटर कॉलेज में भाजपा प्रत्याशी एवं विधायक अजीत पाल त्यागी के पक्ष में आयोजित प्रभावी मतदाता संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने मुरादनगर विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी अजीत पाल त्यागी के समर्थन में वोट की अपील की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि 2017 से पहले गाजियाबाद जिले और पश्चिमी उत्तर प्रदेश की स्थिति कितनी खराब थी, यह किसी से छुपा नहीं है। हर तीसरे दिन दंगा होता था। किसानों को उपज के दाम नहीं मिलते थे। महिलाएं सुरक्षित नहीं थी। अवैध बूचड़खाने से लोगों का जीना दुर्भर था। लेकिन मोदी सरकार बनने के बाद उत्तर प्रदेश में उनके आशीर्वाद से भाजपा की सरकार बनी और पिछले 5 सालों में डबल इंजन की सरकार ने लोगों को सुरक्षित माहौल देने का काम किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा- रालोद गठबंधन से आज पूछने की जरूरत है कि वह अपने समय में एक्सप्रेसवे क्यों नहीं बनवा पाए। उन्होंने सपा, बसपा, कांग्रेस की सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकारों ने इंफ्रास्ट्रक्चर पर कोई कार्य नहीं किया। कई बार इन दलों को मौके मिले, लेकिन जो कार्य भाजपा सरकार ने किए, वह नहीं कर पाए। मेरठ में मेजर ध्यानचंद के नाम पर स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी, गंगा एक्सप्रेसवे हमारी सरकार बनवा रही है। उन्होंने गाजियाबाद के कई नेताओं का नाम लेते हुए कहा कि अगर किसी को फिल्म बनाना है तो मुंबई जाने की जरूरत नहीं है। गाजियाबाद के बगल में ही हमारी सरकार फिल्म सिटी बना रही है। बड़े-बड़े विकास कार्य भाजपा की सरकार में हुए हैं। उन्होंने कहा कि जिनकी सरकार में बिजली नहीं आती थी, अब वह फ्री बिजली की बात कर रहे हैं।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कोरोना काल में सपा, बसपा, कांग्रेस के नेता घरों में छुप कर बैठ गए थे। केवल भाजपा के ही कार्यकर्ता थे, जो बीमारों का हालचाल ले रहे थे और उनकी सेवा कर रहे थे। अब चुनाव आते ही यह दल बाहर आ गए हैं, जिन्हें जनता ठेंगा दिखाने का काम करेगी। डबल इंजन की सरकार डबल टेस्ट, डबल डोज और डबल राशन देकर जनता की सेवा कर रही है।
मुजफ्फरनगर दंगों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा समाजवादी पार्टी ने मुजफ्फरनगर दंगे के दोषियों को छुड़ाने का काम किया। महीनों तक दंगा होता रहा। निर्दोष लोगों के खून से सनी टोपियां पहनकर आतंक फैलाया जाता रहा और आज वही लोग जनता के बीच जाकर वोट मांग रहे हैं। कैराना के पलायन, स्याना और मुरादाबाद में दंगा फैलाने के जिम्मेदार लोगों को टिकट दिया गया है, लेकिन मैं साफ कर देना चाहता हूं कि 10 मार्च के बाद भी कानून का राज रहेगा और यूपी की जनता की सुरक्षा से खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा ने का अक्षरत पूरा किया है। सरकार ने बिना किसी भेदभाव के विकास किया और सुशासन के मुद्दे पर सफल हुई। उन्होंने कहा कि अब कोई कावड़ यात्रा पर भी प्रतिबंध नहीं लगा सकता। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोगों का काम विकास करना नहीं, बल्कि अपने परिवार के विकास का एजेंडा है। जबकि भारतीय जनता पार्टी जनता को अपना परिवार मानती है। व्यापारी, महिलाओं, किसानों का सम्मान करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा ही एकमात्र विकल्प है जो सुशासन और विकास दे सकती है। इस मौके पर क्षेत्रीय सांसद एवं केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह, बागपत के सांसद डा. सत्य पाल सिंह, राज्यसभा सांसद अनिल अग्रवाल, एमएलसी दिनेश गोयल, महापौर आशा शर्मा, मुरादनगर चेयरमैन विकास तेवतिया, भाजपा के प्रदेश मंत्री अमित वाल्मीकि, महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा, गोविंद चौधरी, ब्लाक प्रमुख मुरादनगर राजीव त्यागी, रजापुर ब्लाक प्रमुख पति राहुल चौधरी डैनी भी उपस्थित थे। संचालन विधानसभा चुनाव संयोजक संजय कश्यप एवं गोपाल अग्रवाल ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *