Dainik Athah

गाजियाबाद में आज ट्रिपल अटैक

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुरादनगर में करेंगे प्रभावी मतदाताओं से संवाद, जन संपर्क भी करेंगे

पूर्व मुख्यमंत्री एवं सपा प्रमुख अखिलेश यादव – रालोद मुखिया जयंत चौधरी संयुक्त प्रेसवार्ता

अथाह संवाददाता,
गाजियाबाद।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए पहले चरण के मतदान का दिन नजदीक आ रहा है वैसे वैसे ही जिले का राजनीतिक पारा भी चढ़ने लगा है। शनिवार को गाजियाबाद जिले में राजनीतिक दलों का ट्रिपल अटैक है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जहां मुरादनगर पहुंचेंगे, वहीं दूसरी तरफ सपा प्रमुख एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव अपने राजनीतिक साझेदार जयंत चौधरी के साथ पत्रकारों से संवाद करने आ रहे हैं। इसके बाद दोनों हापुड़ जिले के गढ़मुक्तेश्वर पहुंचेंगे। दोनों प्रमुख पक्ष इस दौरान एक- दूसरे पर जमकर हमला बोलेंगे। अब देखना यह होगा कि कौन किसके ऊपर भारी पड़ता है।

योगी करेंगे प्रभावी मतदाताओं से संवाद, बोलेंगे विपक्ष पर हमला

शनिवार का दिन गाजियाबाद जिले के लिए महत्वपूर्ण है। अब तक तीन बार गाजियाबाद शहर सीट पर आ चुके मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को एक बार फिर गाजियाबाद जिले में आ रहे हैं। वे मुरादनगर से भाजपा प्रत्याशी अजीत पाल त्यागी के समर्थन में प्रभावी मतदाताओं से संवाद करने के लिए मुरादनगर आ रहे हैं। अजीत पाल त्यागी के मुख्य चुनाव संयोजक संजय कश्यप ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तीन बजे मुरादनगर पहुंच जायेंगे। वे हैलीकाप्टर से दिल्ली- मेरठ रोड स्थित काईट कालेज में बनाये गये हैलीपेड पर पहुंचने के बाद मुरादनगर कस्बे में स्थित केएम इंटर कालेज में आयोजित प्रभावी मतदाता संवाद कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे विपक्षी दलों पर हमला भी बोलेंगे। भाजपा ने मुख्यमंत्री के आगमन के मद्देनजर तैयारी तेज कर दी है।
मुरादनगर से भाजपा प्रत्याशी अजीत पाल त्यागी स्वयं सभी तैयारियों पर नजर बनाये हुए हैं। इसके साथ ही भाजपा की पूरी टीम उनके कार्यक्रम की तैयारियों में जुट गई है।

अखिलेश- जयंत पत्रकार संवाद के माध्यम से करेंगे हमला

दूसरी तरफ प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं सपा प्रमुख अखिलेश यादव अपने गठबंधन के साथी एवं राजनीतिक साझीदार रालोद मुखिया जयंत चौधरी के साथ दिल्ली- मेरठ एक्सप्रेस वे स्थित वेदांता फार्म में पत्रकारों से संवाद करेंगे। इसके माध्यम से ही वे वर्तमान भाजपा सरकार एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यानाथ पर हमला करेंगे। रालोद के जिलाध्यक्ष तेजपाल चौधरी ने बताया कि इस प्रेस संवाद कार्यक्रम में गठबंधन के पांचों प्रत्याशी मौजूद रहेंगे। दोनों नेताओं के आगमन पर पत्रकारों से ज्यादा भीड़ सपा- रालोद नेताओं के जुटने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *