Dainik Athah

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की मोदीनगर में डा. मंजू शिवाच के मंच पर गर्जना

इस बार चुनाव में विपक्ष करेगा शीर्षासन-राजनाथ सिंह

चौधरी चरण सिंह के जन्म दिवस को किसान दिवस के रूप में मनाने का निर्णय भाजपा सरकार ने ही लिया

योगी आदित्यनाथ मुझसे बेहतर मुख्यमंत्री साबित हुए: राज नाथ सिंह

जहां होगा कानून का शासन- वहां होगा विकास का योगासन

अथाह संवाददाता
मोदीनगर।
देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने विपक्ष पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा जहां होगा कानून का शासन- वहां होगा विकास का योगासन है। योगासन की 84 विधि है। जिनमें से हमने 83 कर दी हैं, 84 वीं विधि शीर्षासन है, जिसे विपक्षियों के लिए छोड़ा गया है। उन्होंने कहा भाजपा पहले से ज्यादा सीटें जीतकर प्रदेश में सरकार बनायेगी।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह गुरुवार को मोदीनगर के हापुड़ रोड स्थित एवीएस गार्डन में भाजपा प्रत्याशी डा. मंजू शिवाच के समर्थन में प्रभावी मतदाता संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा मैं किसान का बेटा हूं। टाट पट्टी पर बैठकर मैंने पढ़ाई की। उस समय चौधरी चरण सिंह प्रदेश के मुुख्यमंत्री थे। मैं उनकी विचारधारा व कार्यशैली से मैं काफी हद तक प्रभावित था। इसलिए मुख्यमंत्री बनते ही मैंने सबसे पहले चौधरी चरण सिंह के जन्म दिन को किसान दिवस के रूप में मनाए जाने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा इस बार के चुनाव में मतदाताओं को अपना फैसला ही नहीं सुनाना है बल्कि उत्तर प्रदेश का भाग्य भी अपने हाथ से लिखना है। उन्होंने कहा कि भाजपा मंदिर ही नहीं, देश बनाने वाली पार्टी है। योगी सरकार के पांच साल के कार्यकाल के दौरान उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था जो 11 लाख करोड़ थी वह अब बढ़कर 21 लाख करोड़ हो गई।

राजनाथ सिंह ने कहा आज जो लोेग जिन्ना का सहारा लेकर सत्ता पाना चाहते हैं, वे किसान की बात करें, गन्ने की बात करें तो समझ में आता है। लेकिन दुश्मन देश की बात कर, जिन्ना की बात कर वे जनता को नहीं बहका सकते। उन्होंने कहा कि मैं मुख्यमंत्री रहा हूं, इसलिए मैं यह बात बड़ी जिम्मेदारी से कह सकता हूं कि योगी आदित्यनाथ मुझसे भी बेहतर मुख्यमंत्री हैं। आज अपराध कम हुआ है। उत्तर प्रदेश में रोजगार के अवसर बढे हैं। विकास की पहली सीढी कानून व्यवस्था है। जहां कानून व्यवस्था बेहतर होगी, वहां विकास होगा और यह सब यूपी में हुआ। पहले प्रदेश में गोली बनती थी, लेकिन आज गोला बन रहा है। यहां ब्रह्मोस मिसाइल तक बनाई जा रही हैं। उन्होंने विपक्षी दलों पर तंज कसते हुए कहा कि जहां होगा कानून का शासन-वहां होगा विकास का योगासन है। योगासन की 84 विधि है। जिनमें से हमने 83 कर दी हैं, 84 वीं विधि शीर्षासन है, जिसे विपक्षियों के लिए छोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने जो कहा वह किया।

रक्षा मंत्री ने कहा अनुच्छेद 370, राम मंदिर, नागरिकता कानून ऐसे उदाहरण है, जिनको अपने कथन अनुसार पूरा करके दिखाया। रक्षामंत्री ने कहा कि यूपी में योगी आदित्यनाथ व देश में प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी जैसा कोई दूसरा विकल्प हमें मिल नहीं सकता। इसलिए भाजपा को मजबूत करने की जरूरत है। आज देश मजबूत हुआ है। उरी हमले के बाद दुश्मन देशों से समझ लिया कि अब भारत से आंख मिलाना ठीक नहीं है। विदेशों में भारत की बात को कान लगाकर सुना जाता है, यह स्थिति पहले नहीं थी।

डा. मंजू शिवाच के पक्ष में की अपील

रक्षामंत्री ने भाजपा उम्मीदवार डा. मंजू शिवाच के पक्ष में वोट करने की अपील करते हुए कहा कि दोबारा डा. मंजू शिवाच विधायक बनें और प्रदेश में योगी आदित्यनाथ फिर से मुख्यमंत्री बने तो वे दोबारा सीकरी महामाया का आशीर्वाद लेने आएंगे। उन्होंने मंच से डा. मंजू शिवाच के भाषण एवं उनकी कार्यशैली की सराहना की इसके साथ ही उनके पति डा. देवेंद्र शिवाच की सराहना की।
मंच संचालन पूर्व मंडल अध्यक्ष नवीन जायसवाल व अध्यक्षता जिलाध्यक्ष दिनेश सिंहल ने की। इस मौके पर सांसद डा. सत्यपाल सिंह, राज्यसभा सदस्य कांता कर्दम, सतेंद्र त्यागी, ब्लाक प्रमुख सुचेता सिंह, स्वदेश जैन, पूर्व चेयरमैन रामआसरे शर्मा, सुखबीर सिंह, दौलतराम, बालेश्वर त्यागी, बलदेव राज शर्मा, देवेंद्र चौधरी, अमित चौधरी, रोहित अग्रवाल, डा. देवेंद्र शिवाच, नगर पालिका चेयरमैन अशोक माहेश्वरी, सांसद प्रतिनिधि विनोद गोस्वामी, सुरेश नागर, शिव अग्रवाल, गौरव हुड्डा आदि अनेक लोग मौजूद रहे।

मंदिर में दर्शन करने के साथ ही मिली शुभ सूचना, आया सेनाध्यक्ष का फोन

राजनाथ सिंह ने बताया कि जिस वक्त सीकरी महामाया देवी मंदिर में माता की पूजा करने के बाद माथा टेका उसी समय सेनाध्यक्ष का फोन आया। 17 वर्षीय एक जवान जो चीन के चंगुल में था वह सकुशल भारत को सौंप दिया गया। इसलिए आस्था में बड़ी शक्ति है। यही वजह है कि भाजपा सभ्यता, संस्कृति को बचाने के लिए लगातार काम कर रही है। विपक्ष कहता हैं कि भाजपा ने मंदिर बनाए। लेकिन हम कहते हैं कि हमने मंदिर भी बनाए और देश भी बनाया। अंग्रेजों द्वारा संसद भवन बनवाया गया था। अब लोकतंत्र के मंदिर संसद भवन को भी हम भव्य तरीके से बनवा रहे हैं। पुरातन विरासत को बचाने के लिए भाजपा लगातार काम कर रही है। केदारनाथ, ब्रदीनाथ, गंगोत्री यमनौत्री, काशी, अयोध्या में भव्य मंदिर बने और विरासत और संस्कृति को बचाने का काम किया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *