Dainik Athah

युवाओं के लिए रोजगार उपलब्ध कराना प्राथमिकता :अजीत पाल त्यागी

संविधान ने देश की जनता को दिया सरकार बनाने का अधिकार: अजीत पाल त्यागी

अथाह संवाददाता,
मुरादनगर।
भाजपा से मुरादनगर क्षेत्र प्रत्याशी अजीत पाल त्यागी ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं देते हुए चुनाव प्रचार की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने शास्त्री नगर, चिरंजीव विहार व मुरादनगर क्षेत्र में घर-घर जाकर संपर्क किया।

संपर्क करते हुए उन्होंने जनता को मतदान का महत्व बताया और कहा कि गणतंत्र दिवस पर हमारे देश में हमारा संविधान लागू हुआ था और संविधान हमें सबसे पहला अधिकार अपना प्रतिनिधि चुनने का देता है, इसलिए राष्ट्र विकास के लिए और राष्ट्र के निर्माण के लिए मतदान अवश्य करें।

उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में जो विकास की गंगा चल रही है उसका निरंतर प्रभाव बनाए रखने के लिए भाजपा को मतदान करना आवश्यक है। भाजपा ने समान दृष्टि से ग्रामीण क्षेत्र और शहरी क्षेत्रों का विकास किया है, वही समाज से अपराधियों को हटाने का काम किया है, माफियाओं की संपत्तियों पर बुलडोजर चलाने का काम भी प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया।

उन्होंने कहा कि आज बहन बेटी सुरक्षित है और कहीं भी सम्मान के साथ आ जा सकती हैं यह भाजपा के शासन में ही संभव हो पाया है। भाजपा प्रत्याशी अजीत पाल त्यागी ने कहा कि क्षेत्र को अभी विकास की ओर जरूरत है और विकास के लिए नई योजनाओं के साथ मुरादनगर की तरक्की के लिए वे हमेशा प्रयास करते रहेंगे उन्होंने कहा कि रोजगार के साधन क्षेत्र में उपलब्ध कराना उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता होगी।

इस दौरान क्षेत्र के लोगों ने जहां भाजपा में आस्था व्यक्त की वहीं भाजपा के लिए मतदान करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *