Dainik Athah

जिला प्रशासन ने चुनावी सभाओं के लिए तय किए 8 स्थान

– एक नहीं तीन स्थानों से विधानसभावार रवाना होंगी पोलिंग पार्टियां

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद।
गाजियाबाद की पांचों विधानसभा सीटों पर हो रहे चुनाव को देखते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी ने चुनावी रैलियों में समभाव के लिए स्थानों को तय कर दिया है। जिला प्रशासन की ओर से आठ स्थानों को चुनावी सभाओं के लिए निर्धारित किया गया है।

इसके अलावा पोलिंग पार्टियों के लिए भी एक स्थान की जगह तीन स्थान निर्धारित किए गए हैं, जहां से पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी।जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2022 के दृष्टिगत राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों के चुनाव प्रचार एवं स्वभाव के लिए 8 स्थानों को निर्धारित किया गया है। जिनमें रामलीला मैदान घंटाघर, रामलीला मैदान कवि नगर, केंद्रीय विद्यालय कमला नेहरू नगर का मैदान, अंबेडकर पार्क विजय नगर थाने के सामने, अंबेडकर पार्क नवयुग मार्केट, हंस इंटर कॉलेज मुरादनगर, रामलीला मैदान रावली रोड, खेल का मैदान गढ़ी कटैया राम पार्क लोनी के स्थान का चयन किया गया है। जहां पर प्रत्याशी चुनावी सभाएं कर सकते हैं।

 उन्होंने बताया कि विधानसभा वार पोलिंग पार्टियों के रवाना के लिए भी तीन स्थानों का चयन किया गया है, जिसके तहत लोनी विधानसभा की पोलिंग पार्टियां डीपीएस पब्लिक स्कूल साहिबाबाद से रवाना की जाएंगी। इसके अलावा मुरादनगर और मोदीनगर विधानसभा क्षेत्रों की पोलिंग पार्टियां, कवि नगर रामलीला मैदान से रवाना होगी। इसी तरह साहिबाबाद, धौलाना आंशिक व गाजियाबाद विधानसभा क्षेत्र की पोलिंग पार्टियां केंद्रीय विद्यालय कमला नेहरू नगर ग्राउंड से रवाना होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *