Dainik Athah

चुनाव माफिया परस्त और माफिया को पस्त करने वालों के बीच : स्वतंत्र देव

देवबंद में प्रभावी मतदाता संवाद कार्यक्रम में बोले भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष

सपा शासन में सत्ता के संरक्षण में माफियाओं ने अर्जित की थी अकूत संपत्ति, गरीबों का किया था शोषण

अथाह संवाददाता
देवबंद/सहारनपुर।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने समाजवादी पार्टी पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि 2022 का विधानसभा चुनाव अपराधी व माफिया परस्त लोगों और माफिया को पस्त करने वालों के बीच है। पूर्व की सपा सरकार में माफिया व अपराधियों को खुला संरक्षण दिया जाता था जबकि योगी आदित्यनाथ की अगुवाई वाली वर्तमान भाजपा सरकार ने माफिया व अपराधियों को प्रदेश से समूल समाप्त किया है। माफिया या तो जेल में हैं, या प्रदेश की सीमा से बाहर। या फिर वहां, जनता उन्हें जहां देखना चाहती थी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रविवार को देवबंद में प्रभावी मतदाता संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जनता के आशीर्वाद से 2022 में फिर से उत्तर प्रदेश में प्रचंड बहुमत से भाजपा की सरकार बनने जा रही है। बीजेपी ने जनता के हितों से कभी समझौता नहीं किया है और जनता भी बीजेपी को ही अपना नेतृत्व देने को संकलित है। प्रदेश में कानून व्यवस्था की सुदृढ़ स्थिति की चर्चा करते हुए श्री सिंह ने कहा कि माफियाओं की संपत्ति पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने बुलडोजर चलाकर आम जनमानस को सुरक्षा का अहसास कराया है। जबकि सपा के शासन में माफियाओं ने अकूत संपत्ति एकत्रित कर लोगों का शोषण किया था। भाजपा सरकार ने प्रदेश में सत्ता संभालते ही गुंडे,माफियाओं को सबक सिखाते हुए उनकी संपत्ति पर बुलडोजर चलाया गया। आज माफिया की कब्जाई जमीनों को खाली कराकर गरीबों के मकान बनाए जा रहे हैं। उन्होंने सभी लोगों से सुशासन, राष्ट्रवाद और विकास के अभियान में भाजपा के साथ जुड़ने की अपील की।

सार्थक प्रयास से चहुंओर दिख रहा सुरक्षा, निवेश और विकास
देवबंद में चुनाव प्रचार अभियान को धार देने पहुंचे भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने मीडियाकर्मियों से बातचीत में कहा कि भाजपा सरकार के सार्थक प्रयास से आज उत्तर प्रदेश में सुरक्षा निवेश और विकास और दिख रहा है। यूपी सरकार के ठोस कदमों से सुरक्षा का वातावरणबना तो प्रदेश में निवेश भी तेजी से बढ़ा। आज उत्तर प्रदेश देश में दूसरे नंबर की मजबूत अर्थव्यवस्था है। सुरक्षा के माहौल को और सुदृढ़ करने के लिए देवबंद में एटीएस कमांडो ट्रेनिंग सेंटर और कैराना में पीएससी भवन की स्थापना की जा रही है।

राष्ट्रभक्त को नमन, दलित के घर भोजन
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने देवबंद में अपने अभियान की शुरूआत मां भारती के अमर सपूत नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। नेताजी की जयंती पर श्री सिंह स्थानीय सुभाष चौक पर स्थित उनकी प्रतिमा के समक्ष पहुंचे और श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण को याद किया। इसी क्रम में उन्होंने देवबंद विधानसभा क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव में बूथ संख्या 103 पर भाजपा अनुसूचित मोर्चा के मंडल अध्यक्ष अनिल कुमार के घर भोजन कर पार्टी की सामाजिक समरसता की रीति नीति को आगे बढ़ाया।

स्वामी दीपांकर से की मुलाकात

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रविवार को महाकालेश्वर आश्रम पहुंचे। प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने जहां 09 वर्षीय ब्रह्मलीन स्वामी ब्रह्मानन्द सरस्वती की समाधि पर पुष्प अर्पित किए, वहीं स्वामी दीपांकर से मिल कुशल क्षेम जाना तथा आशीर्वाद लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *