Dainik Athah

यूपी में बिचौलिया राज खत्म हो गया है,इसलिये अखिलेश जी को कष्ट हो रहा है: डा. वाजपेयी

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व जॉइनिंग कमेटी के अध्यक्ष डा. लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने बुधवार को कहा कि झूठे वादे और दावे करने वाली समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने सत्ता में रहते समय प्रदेश की जनता को केवल छलने का ही काम किया। कहा कि जब प्रधानमंत्री जी 2014 में जनधन खाते खुलवाने की अपील कर रहे थे तो अखिलेश यादव जी ने लोगों को गुमराह किया। जब गरीबों और वंचितों को जनधन खातों से सीधे मदद मिलने लगी तो विपक्ष की राजनीति बंद हो गई। गरीबों के लिए योगी और मोदी सरकार के कल्याणकारी कार्य सपा-बसपा और कांग्रेस को खराब लग रहे हैं। क्योंकि, पहले उनके लोग गरीबों के हक पर डाका डालने का काम करते थे।

बुधवार को प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने कहा कि केवल भाजपा ही गरीबों, वंचितों के लिए काम कर रही है, वहीं दूसरी ओर विपक्षी दल लगातार झूठे वादे करते आ रहे हैं। आज समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने एक और झूठा वादा और दावा दोनों किया है। उन्होंने कहा कि लाभार्थियों के खातों में पैसा डालने का काम उन्होंने किया था। लेकिन वे यह भूल गए कि उनकी सरकार जाने के बाद से यूपी में 7.7 करोड़ जनधन खाते खुले हैं और उनके माध्यम से गरीबों को सीधे लाभ मिल रहा है। अब यूपी में बिचौलिया राज खत्म हो गया है। उनका रोजगार चला गया है, इसीलिए अखिलेश जी को कष्ट हो रहा है।

कहा कि, जब गरीब को मकान के लिए ढाई लाख सीधे खाते में गया तो सपा प्रमुख को कष्ट हुआ। जब शौचालय के लिए सीधे खाते में पैसा गया तो उन्हें कष्ट हुआ। जब बुजुर्गों, निराश्रित महिलाओं, वृद्धा, दिव्यांगजनों को सीधे सरकार की सीधी मदद मिलना शुरू हो गई तो अखिलेश जी और उनकी पार्टी को और भी अधिक कष्ट हुआ। जब कोरोना की विपत्ति में सरकार ने करोड़ों जनधन खाता धारक महिलाओं, रेहड़ी पटरी वालों, मजदूरों के खाते में सीधी मदद की तो अखिलेश जी के कष्ट का स्तर और बढ़ गया। आज सभी प्रकार की सब्सिडी, सरकारी मदद सब सीधे लाभार्थी के खाते में जा रही है तो अखिलेश जी समेत सम्पूर्ण विपक्ष को खराब लग रहा है। इसका कारण गरीबों और वंचितों को उनका पूरा हक मिल रहा है, हक की लूट बंद हो गई है।

उन्होंने कहा कि अखिलेश जिस समाजवादी पेंशन की बात कर रहे थे, उसमें हुआ घोटाला भी उन्हें याद ही होगा। जिसमें बुजुर्गों, दिव्यांगों, महिलाओं और अन्य लाभार्थियों का हक सपाई लुटेरों ने लूटा था। कागजों में लाखों ऐसे लोगों को पेंशन दी गई जिनका वजूद ही नहीं था, जो मृतक थे। आज उन्होंने घोषणा भी की है, संभवत: सपने में सरकार बनाई हो और उसी में समाजवादी लूट योजना पार्ट-2 की घोषणा कर अपने साथियों को खुश करने का प्रयास किया हो। लेकिन प्रदेश की जनता उनका सपना सच नहीं होने देगी और गरीब कल्याण के लिए भाजपा को 300 प्लस सीटों का आशीर्वाद देगी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *