Dainik Athah

भाजपा के लोकतंत्र पर हमले को जनता बर्दाश्त नहीं करेगी: अखिलेश यादव

भाजपा ने संकल्प पत्र का एक भी वादा पूरा नहीं किया

अथाह ब्यूरो,
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा ने अपने संकल्प पत्र के एक भी वादे को पूरा नहीं किया है। भाजपा की विदाई और समाजवादी पार्टी को सत्ता सौंपने का राज्य के मतदाताओं ने निर्णय कर लिया है। भाजपा द्वारा लोकतंत्र पर हमला जनता बर्दाश्त नहीं करेगी। 10 मार्च 2022 को लोकतंत्र के पक्ष में परिणाम आ जाएगा।

अखिलेश यादव आज यहां पार्टी मुख्यालय में एकत्र कार्यकतार्ओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा जनता ने स्वयं चुनाव लड़ने का इरादा कर लिया है। यह चुनाव किसानों, नौजवानों, महिलाओं के मान सम्मान का चुनाव है। प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है। चुनाव में भाजपा का सफाया होना तय है।

यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश को समस्याओं में उलझा दिया है। भाजपा राज में किसानों को कुचल कर मार दिया, नौजवानों पर लाठियां बरसाईं और नौकरी-रोजगार छीना है। किसानों को धोखा दिया। नौजवानों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया। किसान की आय दुगुनी तो नहीं हुई। उसकी कमाई आधी और महंगाई दुगनी हो गई है। भाजपा ने गरीब की जेब काटी और अमीर की तिजोरी भरी। इसीलिए जनता भाजपा के विधायकों-सांसदों को गांव में नहीं घुसने दे रही है, जनता भाजपा के खिलाफ खड़ी है।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार लोगों को आक्सीजन तक नहीं दे पाई। कोरोना काल में दवा और बेड की व्यवस्था नहीं कर पाई। सड़कों पर सांड छोड़ दिया है, जो लोगों को घायल कर रहे हैं। फसलों को बर्बाद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कहा कि जिस दिन से समाजवादी पार्टी ने 300 यूनिट घरेलू बिजली फ्री देने की घोषणा की है, उसी दिन घबराकर भाजपा ने बिजली का बिल आधा करने की घोषणा की। इसका मतलब है कि भाजपा जानबूझकर गरीबों की जेब पर डाका डाल रही थी। गरीबों को सस्ती बिजली दी जा सकती थी, लेकिन भाजपा की नियत साफ नहीं थी। पांच साल तक इसने महंगी बिजली दी है।

यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार में फिर से नौजवानों और छात्रों को लैपटॉप मिलेगा, रोजगार मिलेगा, किसानों को फसल का उचित लाभप्रद दाम मिलेगा, उनके घर खुशहाली आएगी और जनता को अच्छा इलाज मिलेगा। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को बर्बाद कर दिया। पुलिस का कबाड़ा कर दिया।

एनसीआरबी का डाटा कहता है कि इनकी सरकार में सबसे ज्यादा दंगे हुए, फेक एनकाउंटर हुए, बहन बेटियां सबसे ज्यादा असुरक्षित रही। हिरासत में सबसे ज्यादा मौतें हुई। मानवाधिकार ने यूपी सरकार को सबसे ज्यादा नोटिस दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पर खुद दंगे के आरोप हैं। यह देश में पहले ऐसे मुख्यमंत्री हैं जिनके ऊपर इतने ज्यादा गंभीर धाराएं लगी। भाजपा लगातार झूठ फैलाती है। इसके विज्ञापन झूठे हैं और इनका विकास झूठा है। बीजेपी घूम घूम कर झूठ का प्रचार करती है। भाजपा लोकतंत्र के लिए खतरा है।

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता घर-घर जाएंगे। समाजवादी सरकार ने जनहित में जो काम किए उन उपलब्धियों को लोगों को बताएंगे। जनता भाजपा के झूठ तंत्र और षड्यंत्रों को कामयाब नहीं होने देगी। समाजवादी और अम्बेडकरवादी मिलकर भाजपा को हटाने के लिए संकल्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *