Dainik Athah

आज के बाद कभी भी हो सकती है चुनाव की घोषणा, तैयार रहें कार्यकर्ता: सुनील बंसल

प्रधानमंत्री की लखनऊ में नौ जनवरी की रैली पर संशय

मकर सक्रांति पर 4723 शक्ति केंद्रों पर होगा खिचड़ी का सहभोज कार्यक्रम

14 के बाद आयोजित होंगे पन्ना प्रमुख सम्मेलन

अथाह संवाददाता
मेरठ।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने कहा कि मकर सक्रांति पर प्रदेशभर में 4723 शक्ति केंद्रों पर खिचड़ी सहभोज का आयोजन किया जायेगा। इस कार्यक्रम में सभी जन प्रतिनिधियों के साथ ही पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे।

सुनील बंसल मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय कार्यालय हर्मन सिटी बागपत रोड पर आयोजित भाजपा जिलाध्यक्षों एवं जिला प्रभारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल एवं संचालन क्षेत्रीय महामंत्री डा. विकास अग्रवाल ने किया। बैठक में मुख्य अतिथि प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने कहा कि प्रदेश में निकाली गई जन विश्वास यात्रा से विरोधियों का भ्रम दूर हो गया है। प्रदेश के छह क्षेत्रों से निकाली गई छह यात्राएं पूरे प्रदेश में तीन हजार जगह स्वागत, 200 सभा, 40 बड़ी सभा जिन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष, गृहमंत्री, रक्षा मंत्री और मुख्यमंत्री ने संबोधित किया। पूरे प्रदेश में डेढ़ करोड़ लोगों के द्वारा स्वागत और सहभागिता की गई। उन्होंने कहा हमारे विरोधी15 दिन में एक कार्यक्रम करते हैं और हमारे 98 संगठन जिलों में 15 जिलों में रोज कार्यक्रम करते हैं।

उन्होंने कहा 14 जनवरी के बाद शक्ति केंद्र स्तर पर पन्ना प्रमुख के सम्मेलन किए जाएंगे।

नौ जनवरी की प्रधानमंत्री की रैली पर संशय
प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने इशारों में बताया कि नौ जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लखनऊ में होने वाली रैली पर निर्णय अगले एक- दो दिन में हो जायेगा। रैली टालने का कारण भाजपा सूत्र लखनऊ में सात से नौ जनवरी तक भारी बरसात की भविष्यवाणी को इसका कारण बता रहे हैं।

आज के बाद कभी भी हो सकती है चुनाव तारीख की घोषणा
सुनील बंसल ने पदाधिकारियों को इशारा किया कि आज के बाद चुनाव आयोग किसी भी दिन विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा कर सकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पूर्व की भांति पश्चिमी उत्तर प्रदेश में चुनाव प्रथम एवं दूसरे चरण में हो सकते हैं।

फीड बैक देते समय भेदभाव न करें जिलाध्यक्ष- जिला प्रभारी
प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने जिलाध्यक्षों एवं जिला प्रभारियों से कहा कि वे अपना होमवर्क पूर्ण कर लें। चुनाव की घोषणा होने के बाद किसी भी दिन उनसे संभावित प्रत्याशियों के संबंध में फीड बैक मांगा जा सकता है। फीड बैक देते समय वे केवल यह देखें कि जिताऊ प्रत्याशी कौन है। इसमें किसी भी प्रकार का भेदभाव न किया जाये।

जिलाध्यक्ष- जिला प्रभारी टिकट न मांगे, संगठन लेगा निर्णय
बैठक में सुनील बंसल ने जिलाध्यक्षों एवं जिला प्रभारियों से कहा कि वे टिकट न मांगे। यदि संगठन को किसी के चुनाव लड़वाने की आवश्यकता महसूस होगी तो निर्णय लिया जायेगा। बता दें कि पदाधिकारियों को वे पहले ही सख्त संदेश दे चुके हैं। कई अध्यक्ष एवं प्रभारी भी टिकट मांग रहे हैं।

बैठक में प्रदेश सह संगठन महामंत्री कर्मवीर, राजस्थान के संगठन महामंत्री चंद्रशेखर, प्रदेश सह प्रभारी एवं करनाल के सांसद संजय भाटिया, प्रदेश महामंत्री एवं क्षेत्रीय प्रभारी जेपीएस राठौर, प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष सुनीता दयाल, राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर, प्रदेश मंत्री डा. चंद्रमोहन, जिलाध्यक्ष विमल शर्मा मेरठ, दिनेश सिंघल गाजियाबाद, महानगर अध्यक्ष गाजियाबाद संजीव शर्मा, मेरठ मुकेश सिंघल, गजेंद्र शर्मा समेत सभी जिलाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *