Dainik Athah

चुनाव से पहले 75 करोड़ लोग करेंगे सूर्य नमस्कार

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ ने कसी कमर

सह सरकार्यवाह कृष्ण गोपाल ने संघ- भाजपा पदाधिकारियों को दिये चुनाव के टिंप्स

हापुड़ में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के भाजपा- संघ पदाधिकारियों की बैठक का किया गया आयोजन

अशोक ओझा,
गाजियाबाद।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ ने पूरी तरह से कमर कस ली है। चुनावी रणनीति एवं कार्यकर्ताओं को टिप्स देने के लिए संघ के सह सरकार्यवाह कृष्ण गोपाल ने संयुक्त रूप से संघ एवं भाजपा पदाधिकारियों को टिप्स दिये। चुनाव से पहले संघ पूरे देश में सूर्य नमस्कार का विशाल कार्यक्रम आयोजित करेगा जिसमें 75 करोड़ लोगों को जोड़ा जायेगा।

बुधवार को हापुड़ में मोदीनगर रोड स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के भाजपा व संघ के पदाधिकारियों के साथ ही जिला पदाधिकारी एवं संघ के जिलास्तरीय कार्यकर्ता मौजूद थे। बैठक में कृष्ण गोपाल (केजी) ने कहा जो पार्टी हिंदुत्व की विचारधार को लेकर चलती है हम उसको सहयोग करेंगे। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि पंडित जी विवाह करवाते हैं। विवाह के बाद पति-पत्नी में क्या विवाद होता है यह पंडित जी देखने नहीं जाते। इसका सीधा अर्थ यह था कि हमें यह नहीं देखना है कि उम्मीदवार कौन है। हमें केवल कमल का फूल देखना है। उम्मीदवार कौन है, चुनाव जीतने के बाद पार्टी में क्या स्थिति होगी इससे भी हमें कोई मतलब नहीं है।

जलता कोयला चिमटे से उठाना है

केजी ने कहा कि जलते हुए कोयले को हमें हाथ से उठाकर अपने हाथ नहीं जलाने है। कोयले को हमें चिमटे से उठाना है। इसका सीधा अर्थ था कि पार्टी के विवाद से एवं प्रत्याशी चयन के विवाद से हमें दूर रहना है।

75 करोड़ लोग करेंगे सूर्य नमस्कार

कृष्ण गोपाल ने बताया कि पूरे देश में 75 करोड़ लोगों के सूर्य नमस्कार का कार्यक्रम तय किया गया है। 31 जनवरी से सात फरवरी तक सूर्य नमस्कार का कार्यक्रम आयोजित होगा। उन्होंने भाजपा व संघ के पदाधिकारियों से कहा कि सभी कार्यकर्ता इसकी तैयारी में अभी से जुट जायें। कोई भी गली- मौहल्ला एवं घर ऐसा न बचे जहां सूर्य नमस्कार का कार्यक्रम आयोजित न हो। हर व्यक्ति की भागीदारी इसमें सुनिश्चित की जाये।

बैठक में प्रदेश के सह संगठन महामंत्री कर्मवीर, क्षेत्रीय भाजपा अध्यक्ष मोहित बेनीवाल समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सभी संघ अधिकारी, विभाग एवं जिलों के अधिकारियों के साथ ही भाजपा के क्षेत्रीय एवं जिलास्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *