Dainik Athah

भगवा चादर ओढ़े मोदी- योगी- भाजपा के जयकारों से गूंजा गाजियाबाद

महानगर में लाखों की भीड़ ने किया योगी का फूल बरसाकर स्वागत

भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ ही टिकट दावेदारों, आम जनता ने किया भव्य स्वागत

अथाह टीम,
गाजियाबाद।
भारतीय जनता पार्टी की जन विश्वास यात्रा के गाजियाबाद आगमन पर मोदीनगर से लेकर मुरादनगर एवं लोनी तक मोदी- योगी- भाजपा के जयकारों से पूरा जिला गंूजता रहा। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रोड शो के दौरान भी पूरा महानगर भगवामय नजर आया।

मोदीनगर के बाद मुरादनगर एवं लोनी के साथ ही साहिबाबाद में भाजपा की जन विश्वास यात्रा के दौरान हर तरफ भगवा नजर आ रहा था।

प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कालका गढ़ी चौक से जब रोड शो शुरू हुआ तब चारों तरफ जन सैलाब उमड़ पड़ा। योगी की एक झलक पाने के लिए बच्चे से लेकर वृद्ध एवं महिलाएं घंटों तक सड़क पर इंतजार करते रहे। रोड शो में योगी के साथ केंद्रीय मंत्री एवं स्थानीय सांसद जनरल वीके सिंह, स्वास्थ्य राज्यमंत्री अतुल गर्ग, क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित अग्रवाल थे। रोड शो में योगी आदित्यनाथ का स्वागत हर दस कदम पर शहर के व्यापारी संगठन समेत भाजपा के सहयोगी संगठन एवं नागरिकों की तरफ से स्वागत कार्यक्रम होता रहा। इस दौरान अंबेडकर रोड से लेकर घंटाघर तक पैर रखने तक की जगह नहीं थी।

कालका गढ़ी चौक पर मुख्यमंत्री योगी का स्वागत करने वालों में मुख्य रूप से महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा, विधायक अजीत पाल त्यागी, सुनील शर्मा, अतुल गर्ग, महापौर आशा शर्मा, एमएलसी दिनेश गोयल, पूर्व एमएलसी प्रशांत चौधरी, बलदेव राज शर्मा, पप्पू पहलवान, सुशील गौतम, अश्वनी शर्मा समेत अन्य लोग थे।

चौधरी मोड़ पर भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मयंक गोयल ने मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत कर अपनी ताकत का अहसास करवाया। यहां पर उनके साथ एमएलसी दिनेश गोयल, पंजाबी समाज के नेता जगदीश साधना, देशराज देशी समेत हजारों लोग मौजूद थे। इसके बाद पूर्व महानगर अध्यक्ष अजय शर्मा, भाजपा पार्षद राजीव शर्मा एवं राजीव अग्रवाल समेत अन्य लोगों ने जोरदार स्वागत किया। ठाकुरद्वारा फ्लाईओवर के पास दूधेश्वर नाथ मंदिर की तरफ से सरोज शर्मा एवं पंडित मनीष शर्मा ने यात्रा का स्वागत किया।

प्रदेश में बगैर भेदभाव के किया विकास: योगी

कल्याण कारी कार्य किए, आस्था को सम्मान दिया, माफिया पर बुल्डोजर चलवाया: योगी

कालका गढ़ी चौक पर उमड़े जन सैलाब को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि भाजपा ने पांच साल में बिना भेदभाव के हर वर्ग तक विकास कार्य किये, कल्याण कारी कार्य किए, आस्था को सम्मान दिया एवं माफिया पर बुलडोजर चलवाया।

इससे पूर्व मुख्यमंत्री योगी ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेई की जयंती के अवसर पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित किए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विगत साढ़े चार वर्षों में अपने वादों पर दृढ़ संकल्पित रही। सरकार द्वारा जनहित के कार्यों को बड़ी सेवा भाव से पूरी तत्परता के साथ किया गया। प्रदेश सरकार द्वारा समग्र विकास की ओर उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश की ओर ले जाया गया जहां गरीब से गरीब तबके के लोगों को मूलभूत सुविधाएं पहुंचाई गई। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि सरकार में विश्वास रखते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को अपना बहुमूल्य वोट देते हुए फिर सरकार बनाएं।

उन्होंने कहा कि आज हम जनता का आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए गाजियाबाद शहर में आए हुए हैं। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश सरकार के कार्यकाल के दौरान उत्तर प्रदेश के विकास के लिए बिना भेदभाव के शासन की योजनाओं को हर गरीब नौजवान, महिला, व्यापारी समेत समाज के प्रति एक तबके तक पहुंचाने के लिए काम किया है। प्रदेश में भाजपा सरकार के दौरान विकास की गंगा बही है जो कि आज सबके सामने है। हमारी सरकार ने आस्था को भी सम्मान दिया। प्रदेश के गुंडा और माफिया की अवैध संपत्ति पर बुलडोजर चलाने में कोई कोताही नहीं की गई।

उन्होंने कहा जन विश्वास यात्रा उन्हीं उपलब्धियों को लेकर आई है। एक बार फिर आप भाजपा को आशीर्वाद देंगे। उन्होंने कहा वाराणसी में भव्य काशी विश्वनाथ कारिडोर बनने, अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण कार्य शुरू होने की जानकारी दी। योगी ने कहा जो कहा वो किया। अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है तो कश्मीर से धारा 370 भी हट चुकी है। जन विश्वास यात्रा इन्हीं उपलब्धियों को लेकर आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *