Dainik Athah

मोदीनगर- मुरादनगर में भाजपा की जन विश्वास यात्रा का भव्य स्वागत

स्वागत से गदगद नजर आये जन विश्वास यात्रा में शामिल नेता

अथाह संवाददाता,
मोदीनगर/ मुरादनगर।
भारतीय जनता पार्टी की जन विश्वास यात्रा का मोदीनगर एवं मुरादनगर क्षेत्र में हजारों लोगों ने जोरदार स्वागत किया। स्वागत से रथ पर सवार भाजपा नेता गदगद नजर आये।

भाजपा की जन विश्वास यात्रा को मोदीनगर की सीमा से मुरादनगर पहुंचने में चार घंटे से भी ज्यादा समय लगा। जन विश्वास यात्रा का मोदीनगर पहुंचने का समय साढ़े नौ बजे निर्धारित किया गया था। लेकिन यात्रा ने करीब साढ़े 11 बजे मोदीनगर की सीमा में प्रवेश किया। रथ पर सांसद डा. सत्यपाल सिंह, अलीगढ के सांसद सतीश गौतम, राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल, यात्रा के प्रभारी एवं क्षेत्रीय उपाध्यक्ष केके शुक्ला, जिलाध्यक्ष दिनेश सिंघल सवार थे।

सबसे पहले कादराबाद में विधायक डा. मंजू शिवाच के नेतृत्व में यात्रा का भव्य स्वागत किया। यहां पर स्वागत करने वालों में पूर्व जिलाध्यक्ष सत्यवीर राघव, डोरी सिंह वर्मा, आनंद गोयल, भोजपुर ब्लाक प्रमुख सुचेता सिंह, डा. देवेंद्र शिवाच, आशीष चौधरी, विनोद वैशाली, देवेंद्र चौधरी आदि अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। यहां पर रथ पर डा. मंजू शिवाच भी सवार हो गई। यहां पर हजारों की भीड़ से भाजपा नेता गदगद थे।

राज चौपले पर पूर्व ब्लाक प्रमुख कृष्णबीर सिंह ने यात्रा का स्वागत किया। यहां पर भी क्षेत्र से हजारों लोग पहुंचे थे। यात्रा पहुंचने से एक घंटे पहले से ही यहां पर लगातार जाम की स्थिति बनी हुई थी। बस अड्डे के निकट भाजपा के वरिष्ठ नेता पवन सिंहल ने भी यात्रा का स्वागत किया।

मोदी मंदिर के सामने भाजपा के वरिष्ठ नेता बृजपाल तेवतिया व मुरादनगर चेयरमैन विकास तेवतिया ने अपने समर्थकों के साथ यात्रा का जोरदार स्वागत किया। यहां पर बगैर टैंट लगे ही लोगों की भारी भीड़ थी। आसपास के गांवों से लोग लगातार यहां पहुंच रहे थे। इसके साथ ही यात्रा का स्वागत करने वालों में पुष्पेंद्र रावत, नवेंद्र गौड़, लोकेश ड्योढ़ी, अमित गोयल, अंकुर विजय सिंह चौधरी, देवराज शर्मा समेत अन्य लोगों ने यात्रा का स्वागत किया।

बृजपाल तेवतिया ने दो स्थानों पर किया यात्रा का स्वागत

भाजपा के वरिष्ठ नेता बृजपाल तेवतिया ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ यात्रा का मोदीनगर के बाद मुरादनगर में दुहाई में जोरदार स्वागत किया। इस दौरान उनके समर्थकों ने तेवतिया को कंधों पर उठा लिया। तेवतिया को सांसद डा. सत्यपाल सिंह ने पगड़ी पहनाई एवं रथ पर बैठाया। इस दौरान मुख्य रूप से मुरादनगर नगर पालिका चेयरमैन विकास तेवतिया, पवन सहलोत, शौकेंद्र चौधरी समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

डा. मंजू शिवाच, कृष्णवीर प्रमुख, पवन सिंघल को भी पहनाई पगड़ी

सांसद डा. सत्यपाल सिंह ने यात्रा के दौरान डा. मंजू शिवाच, कृष्णवीर प्रमुख, डा. पवन सिंघल को भी पगड़ी पहनाई। वे थोड़ी थोड़ी दूरी तक उन्हें रथ पर भी लेकर आये। लेकिन विधायक डा. मंजू शिवाच पूरी यात्रा के दौरान रथ पर सवार रही तथा लोगों का अभिवादन स्वीकार करती रही।

भगवा में रंगा शहर, शाम चार बजे तक रही जाम की स्थिति

यात्रा के दौरान पूरा मोदीनगर भगवा में रंगा नजर आया। इसके साथ ही शाम चार बजे तक दिल्ली- मेरठ मार्ग पर जाम की स्थिति रही। हालांकि रूट डायवर्ट होने के कारण भारी वाहन शहर में नहीं आ पाये थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *